हिंडनबर्ग पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज:अडाणी ने अमेरिका की बड़ी लॉ फर्म ‘वॉचटेल’ को हायर किया, ग्रुप के 10 शेयरों में से 4 में तेजी

0

सुप्रीम कोर्ट आज यानी शुक्रवार को अडाणी ग्रुप के खिलाफ हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से जुड़ी दो जनहित याचिकाओं (PIL) पर सुनवाई करेगा। याचिका में अदालत की निगरानी में जांच की मांग की गई है। एडवोकेट एमएल शर्मा और विशाल तिवारी की दायर जनहित याचिकाओं में दावा किया गया है कि अमेरिका स्थित हिंडनबर्ग ने अडाणी के शेयरों शॉर्ट सेल किया जिससे ‘निवेशकों को भारी नुकसान’ हुआ।

तिवारी ने कहा कि हिंडनबर्ग रिपोर्ट ने देश की छवि को धूमिल किया है। यह अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। वहीं शर्मा की याचिका में दावा किया गया है कि रिपोर्ट पर मीडिया प्रचार ने बाजारों को प्रभावित किया, और हिंडनबर्ग के फाउंडर नाथन एंडरसन भी भारतीय नियामक सेबी को अपने दावों का प्रमाण देने में विफल रहे। एडवोकेट ने चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने मामले की अर्जेंट लिस्टिंग की अपील की थी।

हिंडनबर्ग ने शेयर मैनिपुलेशन जैसे आरोप लगाए
24 जनवरी को हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी ग्रुप को लेकर एक रिपोर्ट पब्लिश की थी। रिपोर्ट में ग्रुप पर मनी लॉन्ड्रिंग से लेकर शेयर मैनिपुलेशन जैसे आरोप लगाए गए थे। रिपोर्ट के बाद ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली थी। शुक्रवार यानी 3 फरवरी को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 1000 रुपए के करीब पहुंच गया था। हालांकि, बाद में इसमें रिकवरी आई।

अमेरिका की बड़ी लॉ फर्म ‘वॉचटेल’ को हायर किया
गौतम अडानी ने शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च के किए गए दावों के खिलाफ लड़ने के लिए वॉल स्ट्रीट की बड़ी लॉ फर्मों में से एक ‘वॉचटेल’ को हायर किया है। केस लड़कर अडाणी ग्रुप अपने निवेशकों को कंपनियों की फाइनेंशियल हेल्थ को लेकर आश्वस्त करना चाहते हैं। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि भारत की सिरिल अमरचंद मंगलदास फर्म ने वाचटेल से संपर्क किया था।

अडाणी एंटरप्राइजेज 2% गिरने के बाद 1% चढ़ा
अडाणी ग्रुप के स्टॉक्स में आज मिला-जुला रुख है। ग्रुप के 10 शेयरों में से 4 में तेजी और 6 में गिरावट है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी एंटरप्राइजेज का शेयर सुबह करीब 2% की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है। अब इसमें करीब 1% की तेजी है। अडाणी विल्मर 3% चढ़ा है। ट्रांसमिशन, टोटल गैस, ग्रीन एनर्जी और पावर में करीब 5% की गिरावट है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here