पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। भीषण गर्मी के बीच लालबर्रा विकासखण्ड के अंतर्गत आने वाली ७७ ग्राम पंचायतों के १०४ गांवों में जल संकट गहरा गया है। ग्राम पंचायत छिंदलई में वैनगंगा नदी के तट पर स्थित इंटकवेल की सफाई कार्य के चलते पिछले ६ दिनों से नल-जल योजना के तहत होने वाली पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है। बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के शुरू किये गये इस कार्य ने हजारों ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज कर दिया है। वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण क्षेत्र के अधिकांश पारंपरिक जल स्त्रोत जैसे कुएं सूख चुके हैं। ऐसे में ग्रामीण दूर-दराज स्थित हैंडपंपों पर निर्भर हैं, लेकिन हेेंडपंपों पर दबाव अधिक होने के कारण वहां से भी दूषित पानी निकल रहा है। जिसे पीने से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका बढ़ गई है। जबकि पीएचई विभाग को छिंदलई वैनगंगा नदी में स्थित इंटकवेल की सफाई करने के पूर्व क्षेत्रीयजनों को नल-जल योजना का नियमित रूप से पानी प्रदाय करने हेतु वैकल्पिक व्यवस्था करना था। उसके बाद सफाई कार्य करना था किन्तु ऐसा नही किया गया है। जिसके चलते क्षेत्र में नल-जल योजना पूरी तरह से प्रभावित हो चुकी है और ६ दिनों से नल-जल योजना का पानी का एक बुंद नल की टोटियों में नही आने से क्षेत्र में पानी के लिए त्राही-त्राही मची हुई है। वहीं पीएचई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सफाई का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं पानी की इस भीषण समस्या को देखते हुए क्षेत्रीयजनों ने पीएचई विभाग से छिंदलई इंटकवेल की सफाई कार्य तीव्र गति से करवाने एवं तकनीकी खराबी को दुरूस्त कर नियमित रूप से नल-जल योजना का पानी प्रदाय करने की मांग की है।
पंचायतों के पास स्वयं की नल-जल योजना होनी चाहिए
आपकों बता दे कि लालबर्रा विकासखण्ड के ७७ ग्राम पंचायत के ग्रामीणजनों को छिंदलई वैनगंगा नदी का शुध्द पानी पहुंचाने की मंशा से शासन के द्वारा करोड़ों रूपयों की लागत से नल-जल योजना प्रारंभ की गई है और इस योजना के तहत छिंदलई वैनगंगा नदी का पानी जाम स्थित जल शोधन संयंत्र केन्द्र में पहुंचता है। जहां फिल्टर होने के बाद पाइपलाईन के माध्यम से ग्राम पंचायतों में बनाये गये पानी टंकी भरने के बाद घर-घर किये गये नल कनेक्शन के माध्यम से ग्रामीणजनों को पानी प्रदाय किया जाता है। लेकिन कई बार इस नल-जल योजना में तकनीकी खराबी आने, पाईपलाईन क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को जब से नल-जल योजना प्रारंभ की गई है उसके बाद से इस योजना का लाभ नही मिल पाया है। वहीं पीएचई विभाग के द्वारा गत दिवस से छिंदलई वैनगंगा घाट स्थित इंटकवेल की सफाई कार्य करवाया जा रहा है। जिसके कारण ६ दिनों से नल-जल योजना का पानी क्षेत्रीयजनों को नही मिल पा रहा है। जिससे क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। वहीं इस वर्ष भीषण गर्मी के चलते क्षेत्र का जल स्तर भी नीचे चले गया है जिसके चलते नदी-तालाब व नालों में पानी नही होने के कारण कुएं भी सुख चुके है। वहीं जिस तरह से पांढरवानी पंचायत के द्वारा नल-जल योजना का पानी नही मिलने पर पंचायत की नल-जल योजना से पानी प्रदाय किया जा रहा है। इसी तरह से सभी पंचायतों के सरपंच-सचिवों को भी अपनी-अपनी पंचायतों में स्वयं की नल-जल योजना के तहत वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी टंकी के माध्यम से पानी प्रदाय करने का प्रयास करना चाहिए ताकि पानी की समस्या से ग्रामीणजनों को परेशान न होना पड़े।










































