भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज खत्म होने के बाद अगले हफ्ते से क्रिकेट का नया रोमांच शुरु होनेवाला है। शुक्रवार, 31 मार्च से आईपीएल 2023 की शुरुआत होनेवाली है। इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण में 70 लीग मैच होंगे और ये सभी मुकाबले 12 मैदानों पर खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट की शुरुआत गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच से होगी। पिछले सीजन में चेन्नई का परफॉर्मेन्स काफी खराब रहा था और वो 9वें स्थान पर रही थी। वहीं गुजरात टाइटन्स पिछले सीजन की चैंपियन टीम है।
चेन्नई सुपर किंग्स की तैयारी
31 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मैच से आईपीएल 2023 का आगाज होगा। पिछले सीजन में चेन्नई का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। लेकिन इस बार अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। टीम में कई नए खिलाड़ियों को जोड़ा गया है। चेन्नई के लिए अच्छी खबर ये है कि विस्फोटक बल्लेबाज बेन स्टोक्स टीम से जुड़ गए हैं। चेन्नई ने बेन स्टोक्स को आईपीएल 2023 के ऑक्शन में 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। ये अपनी विस्फोटक बैटिंग के लिए जाने जाते हैं।









































