36वें राष्ट्रीय खेल 27 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच राज्य में होंगे। गुजरात में पहली बार इन खेलों का आयोजन हो रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा ,‘‘ गुजरात में 36वें राष्ट्रीय खेल 27 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच खेले जाएंगे। मैं भारतीय ओलंपिक संघ का आभारी हूं जिसने इन खेलों की मेजबानी की पेशकश स्वीकार की है।’’ उन्होंने कहा कि गुजरात के पास इन खेलों की मेजबानी के लिये एक विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध है और प्रदेश प्रशासन इन्हें सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय खेल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगा।
वहीं प्रदेश के खेलमंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि गुजरात के छह शहरों अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, वडोदरा , राजकोट और भावनगर मे इन खेलों का आयोजन होगा। उन्होंने कहा ,‘‘ देश के 7000 से अधिक शीर्ष खिलाड़ी 34 इंडोर और आउटडोर खेलों में पदक के लिये इन खेलों में उतरेंगे ।’’ पिछले दो साल से कोरोना संक्रमण के कारण इन खेलों का आयोजन नहीं हुआ था।