393 पॉइंट ऊपर बंद हुआ सेंसेक्स, 15790 अंक पर रहा निफ्टी; IT और बैंकिंग शेयरों में जमकर हुई खरीदारी, 3% गिरा RIL

0

वायदा बाजार में जून सीरीज के सौदों की एक्सपायरी वाले दिन बाजार मजबूती के साथ बंद हुए। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 103 पॉइंट यानी 0.66% के उछाल के साथ 15,790 पॉइंट पर रहा। बीएसई के 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 393 पॉइंट यानी 0.75% की मजबूती के साथ 52,699 पर बंद हुआ। AGM के दिन RIL में लगभग 3% की गिरावट आई।

बाजार को सपोर्ट देने वाले शेयरों में इन्फोसिस, TCS, टेक महिंद्रा, L&T, JSW स्टील और एशियन पेंट्स शामिल रहे। RIL, कोल इंडिया, IOC, अडाणीप पोर्ट्स, ONGC, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड और टाइटन में कमजोरी रही। निफ्टी के मिड कैप इंडेक्स में 0.28% की गिरावट आई। स्मॉल कैप इंडेक्स 0.04% की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।

जहां तक सेक्टर इंडेक्स की बात है, तो निफ्टी के IT इंडेक्स में सबसे ज्यादा 2.79% का उछाल आया। निफ्टी बैंक, मेटल और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर इंडेक्स में 0.50% से ज्यादा की मजबूती आई। एनर्जी, मीडिया और रियल्टी इंडेक्स में एक पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट के चलते बाजार पर दबाव रहा। फार्मा इंडेक्स में 0.36% की कमजोरी रही।

गुरुवार को निफ्टी इंडेक्स 50 पॉइंट ऊपर 15,737 पॉइंट पर पॉजिटिव खुला और पूरे समय मजबूत बना रहा। कारोबार के दौरान यह 120 पॉइंट के दायरे में ऊपर-नीचे हुआ। बीएसई सेंसेक्स की भी शुरुआत स्ट्रॉन्ग रही थी। यह 200 अंक की मजबूती के साथ 52,514 अंक पर खुला था। कारोबार के दौरान ऊपर 52,830 अंक तक गया था।

मोतीलाल ओसवाल के (हेड-टेक्निकल & डेरिवेटिव्स रीसर्च) चंदन तापड़िया के मुताबिक, निफ्टी दोपहर के कारोबारी सत्र में सीमित दायरे में रहा। निफ्टी में तेजी का रुझान वाला पैटर्न बना है। उनका कहना है कि 15,750 के जोन से ऊपर बने रहने पर निफ्टी 15,900 अंक की तरफ बढ़ेगा। यह लेवल पार करने के बाद निफ्टी 16,000 तक जा सकता है।

तापड़िया के मुताबिक, निफ्टी को गिरावट में पहले 15,700 और फिर 15,600 पर सपोर्ट मिलेगा। F&O की अगली सीरीज में निफ्टी 15,400 से 16,200 के दायरे में रह सकता है। जहां तक अगले हफ्ते की बात है तो यह 15,600 से 16,000 के बीच ट्रेड कर सकता है।

आज इन्फोसिस, TCS, माइंडट्री, MFSL, एशियन पेंट्स, मारुति, BEL, ICICI बैंक, डाबर, बजाज फिनसर्व, HCL टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट और रामको सीमेंट में मजबूती रही। RIL, MGL, अपोलो टायर, REC, पेट्रोनेट LNG, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, एक्साइड इंडस्ट्रीज, IOC, अमारा राजा बैटरी और LIC हाउसिंग में कमजोरी आई।

वोलैटिलिटी इंडेक्स, इंडिया VIX में 1.74% की गिरावट आई जो बताती है कि अगले 30 दिनों में निफ्टी सालाना आधार पर इतना चढ़ सकता है। इस वोलैटिलिटी इंडेक्स में गिरावट बताती है कि शेयर बाजार में तेजी जारी रह सकती है। निचले स्तरों से बढ़ोतरी होना, बाजार में मजबूती कायम रहने के साथ हलचल बढ़ने का संकेत होता है।

आज दो कंपनियों के शेयरों की लिस्टिंग हुई: श्याम मेटालिक्स और सोना कॉमस्टार। श्याम मेटालिक्स का शेयर 22.92% की मजबूती के साथ 376 रुपए पर बंद हुआ। बीएसई पर यह 367.00 रुपए पर लिस्ट हुआ जो इश्यू प्राइस से 19.93% ज्यादा था। कंपनी के शेयरों का इश्यू प्राइस 306 रुपए था। एनएसई पर इसकी लिस्टिंग (24.18%) ऊपर 380 रुपए पर हुई। कारोबार के दौरान यह बीएसई और एनएसई पर 399 रुपए तक गया था। इसका इश्यू 121 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

सोना कॉमस्टार का शेयर एनएसई पर 70.20 रुपए (24.12%) के उछाल के साथ 361.20 रुपए पर बंद हुआ। इसके शेयरों की लिस्टिंग श्याम मेटालिक्स के मुकाबले कमजोर रही है। 291 रुपए के इश्यू प्राइस वाला यह शेयर बीएसई पर महज 3.92% ऊपर 302.40 रुपए पर लिस्ट हुआ। एनएसई पर भी इसकी लिस्टिंग 3.44% के मामूली प्रीमियम के साथ 301 रुपए पर हुई। तेजी में 361 रुपए तक गया शेयर शुरुआती कारोबार में 295.15 तक गिर गया था। इसका इश्यू सिर्फ 2.28 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

बुधवार को दोनों अहम शेयर सूचकांक लगभग आधा पर्सेंट की गिरावट के साथ बंद हुए थे। बीएसई सेंसेक्स 282 पॉइंट लुढ़क कर 52,306 पर रहा था। एनएसई निफ्टी 85 पॉइंट की गिरावट के साथ 15,687 पॉइंट पर बंद हुआ था। मिड कैप इंडेक्स लगभग 0.18% गिरा था, जबकि स्मॉल कैप में 0.50% की कमजोरी आई थी। सेक्टर इंडेक्स में निफ्टी ऑटो (0.46%) को छोड़कर बाकी सभी इंडेक्स में कमजोरी रही थी। सबसे ज्यादा 1.13% की गिरावट निफ्टी मेटल इंडेक्स में आई थी।

वित्तीय परिणाम

आज इन कंपनियों के वित्तीय नतीजे आने वाले हैं: आंध्रा पेट्रो, अशोक लीलैंड ,बोडल केमिकल, एवरेस्ट कांटो, ONGC, PTC इंडिया।

बुधवार को अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला रुझान रहा। डाओ जोंस 0.21% की गिरावट के साथ बंद हुआ था। नैस्डैक में 0.13% की मजबूती रही। S&P 500 में 0.11% की कमजोरी आई।

FII और DII डेटा

NSE पर मौजूद प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, शुक्रवार 23 जून को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध रूप से 3,156 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। यानी उन्होंने जितने रुपए के शेयर बेचे थे, उससे इतने ज्यादा रुपए के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध रूप से 1,317 करोड़ रुपए के शेयरों की खरीदारी की थी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here