भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने ग्लेन मैक्सवेल को आईपीएल इतिहास का सबसे ओवर रेटेड (वास्तविकता से अधिक समझना) खिलाड़ी बताया है। बीती रात गुजरात और आरसीबी के मैच के बाद उन्होंने एक्स अकाउंट पर ये पोस्ट लिखा। बस क्या था इसके बाद जमकर बहस शुरू हो गई। फैंस मैक्सवेल के रिकॉर्ड्स बताने लगे, कुछ लोग आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाला प्लेयर कहने लगे। मगर इसी भीड़ में कुछ ट्रोल्स भी घुस आए, जिन्होंने पार्थिव पटेल की हाइट का मजाक उड़ाया, इसके बाद तो पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
दरअसल, ग्लेन मैक्सवेल के लिए आईपीएल 2024 अबतक बेहद खराब सीजन रहा है। मैदान पर फ्लॉप रहने के बाद उन्होंने मेंटल हेल्थ सुधारने के लिए ब्रेक ले लिया था और बीच के कुछ मैच भी नहीं खेले थे। 4 मई की रात गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिग्गज ऑलराउंडर की वापसी हुई, जहां वह सिर्फ तीन गेंद में चार रन बनाकर चलते बने। जब मैक्सवेल आउट हुए तब टीम को उनकी सख्त जरूरत था हालांकि, लगातार विकेट गिरने के बावजूद आरसीबी ने 38 गेंद पहले चार विकेट से मैच जीतने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद पार्थिव पटेल ने एक्स पर लिखा, ‘ग्लेन मैक्सवेल… आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा ओवररेटेड खिलाड़ी हैं…
इस पर फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ लोगों ने पार्थिव पटेल की बॉडी शेमिंग भी की। एक यूजर ने उनकी ट्वीट पर रिप्लाई किया, ‘5 फीट 2 इंच से नीचे की हाइट वाले लोगों की राय कभी मायने नहीं रखती, जिस पर पार्थिव ने पलटवार करते हुए रीट्वीट किया, ‘मैं 5 फीट 3 इंच का हूं…यह मायने रखता है? ऐसे कई कमेंट्स आपको एक्स पर नजर आ जाएंगे।










































