8 माह से पंचायत कार्यालय से अनुपस्थित सहायक सचिव को हटाने की मांग

0

डोंगरिया पंचायत के उपसरपंच सहित ग्रामीणों ने जनसुनवाई में कलेक्टर को सौंपा शिकायत पत्र

कार्रवाई नहीं होने पर जताई नाराजगी
बालाघाट/लालबर्रा। जनपद पंचायत लालबर्रा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत डोंगरिया के उपसरपंच सहित ग्रामीणों ने मंगलवार को बालाघाट कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर पंचायत के सहायक सचिव धनराज बाजनघाटे को तत्काल हटाकर अन्य सहायक सचिव की पदस्थापना किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सहायक सचिव लंबे समय से ग्राम पंचायत कार्यालय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं।बावजूद इसके उनके विरुद्ध अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों द्वारा जनसुनवाई में प्रस्तुत शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सहायक सचिव धनराज बाजनघाटे की लगातार अनुपस्थिति को लेकर ग्राम पंचायत डोंगरिया की ग्रामसभा में इसी वर्ष 24 जनवरी एवं 26 जनवरी 2026 को प्रस्ताव पारित किए गए थे। प्रस्ताव में बताया गया कि सहायक सचिव लगभग आठ माह से अधिक समय से पंचायत कार्यालय में अनुपस्थित हैं। ग्रामसभा द्वारा उन्हें ग्राम पंचायत डोंगरिया से हटाकर किसी अन्य पंचायत में स्थानांतरित किए जाने की मांग की गई थी।ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत द्वारा इस मामले की जानकारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं कलेक्टर को लगातार दी जाती रही है लेकिन इसके बावजूद आज तक सहायक सचिव के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

17 अगस्त को फिर पारित हुआ प्रस्ताव
ग्रामीणों के अनुसार मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर 17 अगस्त को ग्रामसभा में पुनः प्रस्ताव पारित किया गया है। इसमें सहायक सचिव के विरुद्ध ठोस कार्रवाई करते हुए उन्हें ग्राम पंचायत डोंगरिया से हटाने की मांग की गई है। इसी प्रस्ताव के आधार पर उपसरपंच एवं ग्रामीणों ने जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

25 से 30 बार शिकायत का दावा
ग्राम पंचायत डोंगरिया के उपसरपंच दयाराम बाजनघाटे ने बताया कि सहायक सचिव धनराज बाजनघाटे पिछले वर्ष दिसंबर माह से पंचायत में नियमित रूप से नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पंचायत से हटाने के लिए कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के समक्ष करीब 25 से 30 बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।उपसरपंच ने कहा कि पंचायत के कामकाज एवं ग्रामीणों को मिलने वाली शासकीय योजनाओं से संबंधित कार्य प्रभावित न हों इसके लिए पंचायत में अन्य सहायक सचिव की पदस्थापना आवश्यक है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कर सहायक सचिव धनराज बाजनघाटे को ग्राम पंचायत डोंगरिया से तत्काल हटाया जाए तथा उनके स्थान पर अन्य सहायक सचिव की पदस्थापना की जाए।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जनसुनवाई में प्रस्तुत शिकायत और ग्रामसभा के प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन इस मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here