92 साल के बूढ़े नाना पर नाती का कहर

0

रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलकत्ता से सामने आई है। जहां 28 साल से मायके में रह रही बेटी के बेटे ने ही अपने 92 साल के बूढ़े नाना पर हमला कर दिया। घायल वृद्ध कुंजीलाल पिता मूलचंद धनोले का इलाज किरनापुर के अस्पताल में किया गया। इस मामले में उसके नाती संजू मंसूरे के खिलाफ मामला कायम कर लिया गया है।

क्या है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे 92 वर्षीय वृद्ध कुंजीलाल धनौले अपने घर के आंगन में पेड़ के नीचे खटिया पर बैठे थे। तभी उनका नाती संजू मंसूरे बस्ती की ओर से आया और गाली-गलौज करते हुए लकड़ी से नाना पर टूट पड़ा। बहू ज्योति ने बीच-बचाव कर लकड़ी छुड़ाई तो आरोपी संजू ने ईंट का टुकड़ा उठाकर नाना के सिर मे मारा। वार इतना तेज था कि कुंजीलाल का सिर फट गया और खून बहने लगा। इतने पर भी संजू का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने लहूलुहान नाना को धमकाते हुए केस वापस नहीं लेने पर जान से खत्म कर की धमकी भी दे दी।

28 साल का दर्द और अब ये जुल्म

पीड़ित कुंजीलाल वृद्धावस्था के कारण घर पर ही रहते हैं। उनकी बेटी गणेशिया को पति योगराज मंसूरे ने 28 साल पहले छोड़ दिया था। तब से गणेशिया अपनी बेटी और बेटे संजू को लेकर पिता कुंजीलाल के घर में ही रह रही है। बताया जा रहा है कि नाना-नाती के बीच किसी केस को लेकर विवाद चल रहा है। संजू लगातार अपने 92 साल के नाना पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। इसी को लेकर सोमवार शाम उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

चीख-पुकार सुन दौड़े परिजन
कुंजीलाल की चीख सुनकर बहू ज्योति, बेटी गणेशिया और पड़ोसी दौड़े। सभी ने बीच-बचाव कर वृद्ध कुंजीलाल को उसके नाती संजू के चंगुल से छुड़ाये। जिसके बाद घायल कुंजीलाल को नाती दामाद दिनेश महेश्वरे और बेटी गणेशिया तुरंत किरनापुर अस्पताल लेकर पहुंचे।जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पर किरनापुर पुलिस ने आरोपी नाती संजू मंसूरे के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 92 बसंत देख चुका एक बूढ़ा शरीर, जिसने बेटी को टूटने के बाद सहारा दिया, आज उसी के नाती के हाथों लहूलुहान हो गया। रिश्ते जब बोझ बन जाएं तो उम्र भी बेबस हो जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here