वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। नगर में स्थित आजादी का प्रतीक जय स्तंभ चौक की बाउंड्रीवाल को टक्कर मार कर क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रक को पुलिस ने १० दिसंबर की रात्रि में बिना कार्यवाही कर छोड़ दिया गया। घटना की जानकारी लगते ही नगरवासियों में असंतोष व्याप्त हो गया जिनके द्वारा जिम्मेदार अधिकारियों से पूछताछ किया गया तो उनके द्वारा मामले में ११ दिसंबर को विधिवत कार्यवाही करने की बात कही जा रही है। हालांकि छोडऩे का कारण नहीं बताया गया जिसको लेकर नगर वासियों के द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिह्न भी खड़े किए जा रहे हैं। नगरवासियों के द्वारा मामले में कठोर कार्यवाही करने की मांग की जा रही है।
यह है मामला
वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत रमरमा स्थित खदान से ट्रक क्रमांक सीजी ८ एडी ६८३५ मैंगनीज भरकर रायगढ़ की ओर जाने के लिए निकला था। जो नगर के बीच से गुजरे मार्ग से जा रहा था जिसके डीजल टैंक वाले हिस्से से नगर की आन बान शान आजादी का प्रतीक जय स्तंभ चौक की बाउंड्रीवॉल को रात करीब ७ बजे टक्कर मार दिया। जिससे मौके पर चौक का एक पिलर पूरी तरह उखड़ गया तो वहीं उससे जुडऩे वाले पिलर भी टूट गए। इस दौरान चौक पर उपस्थित लोगों के द्वारा ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया परंतु ट्रक चालक ने ट्रक को रोकने की जगह भागने का प्रयास किया गया। जिसे नगरवासी व पार्षद संदीप मिश्रा के द्वारा पुलिस को जानकारी देकर ट्रक का पीछा किया गया। जिसे एफ सीआई मैदान के पास में रोक कर थाने में लाकर खड़ा कर दिया गया इस घटना में ट्रक का डीजल टैंक भी फट गया था। ट्रक थाने में खड़ा होने के बाद पुलिस अधिकारियों के द्वारा रात्रि में ट्रक को छोड़ दिया गया। यह सूचना सुबह नगर वासियों को पता चली की पुलिस ने ट्रक को छोड़ दिया गया है। जिस पर पुलिस से जानकारी ली गई तो उन्होंने नगर पालिका से सुलह होने की बात कही तो वहीं नगर पालिका के द्वारा ऐसी कोई चर्चा नहीं होने की बात कही जा रही है। जिस पर नगर वासियों के द्वारा आक्रोश व्यक्त किया जा रहा है की पुलिस थाने में ट्रक खड़ा होने के बाद पुलिस के द्वारा राष्ट्रीय धरोहर को क्षतिग्रस्त करने जैसे मामले में बिना कार्यवाही ट्रक को कैसे छोड़ दिया गया जो नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बिना कार्यवाही ट्रक छोडऩे से थाना प्रभारी कि स्थिति संदिग्ध-अनिल पिपरेवार
नगरवासी अनिल पिपरेवार ने बताया कि रात में पता चला कि नगर की राष्ट्रीय धरोहर जय स्तंभ चौक को तोड़ दिया गया है। जिसमें ट्रक थाने में खड़ा होने के बाद उसे छोड़ दिया गया है उस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिसमें जानकारी ली गई तो नगर पालिका ने समझौता किया है ऐसा बताया इसके लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी से चर्चा की गई कि बिना कार्यवाही केश बनाएं क्या ट्रक छोड़ दिया गया है । या समझौता हुआ है तो उनका कहना आया कि नगर पालिका ने कार्यवाही की है और छोडऩे की जानकारी नहीं है। इसमें लोक निर्माण या नगर पालिका किसके अंदर यह जय स्तंभ चौक आता है यह हम पूछ रहे हैं पर कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस प्रकार ट्रक को छोडऩे के विषय पर एसडीओपी से चर्चा की जाएगी। स्वाभाविक है कि बिना किसी कार्यवाही के थाने के माध्यम से ट्रक छोड़ गया है तो लेनदेन का मामला होगा इसका उन्हें कोई अधिकार नहीं है। यह मामला सीधा कोर्ट में जाना था राष्ट्रीय धरोहर से संबंधित मामला है थाना प्रभारी से हम चर्चा करेंगे की ऐसे कैसे ट्रैक छोड़ दिया गया जबकि इसमें कार्यवाही होनी चाहिए। नियम से ट्रक छोडऩा कोर्ट का काम है डायरेक्ट छोडऩा नहीं है यदि छोड़ा है तो कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।
नपा ने ना समझौता किया नाही ट्रक छोडने पुलिस को कहा है- दिशा डहेरिया
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिशा डहेरिया ने बताया कि रात्रि में दूरभाष पर सूचना मिली कि शहरी क्षेत्र में जय स्तंभ चौक स्थित है उसे ट्रक ने क्षतिग्रस्त किया है। तो हमारे कर्मचारियों ने ट्रक को पुलिस थाने में खड़े करवाया था सुबह सूचना मिली कि थाने में कहा जा रहा है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बोला तो ट्रक को छोड़ दिया गया है। जबकि ऐसी घटना नहीं है मैं थाना प्रभारी से चर्चा तक नहीं की है और ना ही किसी ट्रक को छोडऩे के लिए कहा है। जय स्तंभ चौक किसके अधीन है उसका पता किया जा रहा है ,पता चलते ही उसमें अग्रिम कार्यवाही करेंगे। यह शहीद स्मारक को क्षतिग्रस्त किया है उसे छोडा़ नहीं जायेगा।
ट्रक पर थाना प्रभारी को कार्यवाही करने दिए निर्देश-एसडीओपी
एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि मंगलवार की रात सूचना मिली थी की जय स्तंभ चौक की बाउंड्रीवाल को ट्रक ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। उसके संबंध में नगरवासी और पुलिस ने ट्रक को थाने में मौके से लेकर आया था। इसमें किसी के द्वारा आवेदन नहीं दिया गया प्रथम दृश्य संज्ञेय अपराध प्रतीत हो रहा है। इसके लिए थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं की आवेदन लेकर प्रकरण की कायमी करें। थाना प्रभारी को कहा है नोटिस ऑफेंस होता तो ट्रक की जप्ती भी की जाएगी छोडऩे का विषय पर विवेचना जारी है।










































