मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री से मिलीं विधायक अनुभा मुंजारे, महिला के साथ थाने में हुई मारपीट और किसानों के मुद्दे रखे,

0

आगामी बजट में क्षेत्र को प्राथमिक से शामिल कराने का आग्रह, धान फसल में रोग से नुकसान और उपार्जन पंजीयन की अवधि बढ़ाने की मांग

बालाघाट विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने और किसानों से जुड़े मुद्दों को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखने के लिए विधायक अनुभा मुंजारे ने भोपाल प्रवास के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्रियों से मुलाकात की। विधायक ने मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से उनके निज निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बालाघाट विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों तथा आगामी बजट में क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं को शामिल कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक की ओर से विभिन्न विकास कार्यों को बजट में शामिल करने के संबंध में मंत्री को पत्र भी सौंपा गया।

मुलाकात के दौरान बालाघाट विधानसभा क्षेत्र की सड़क, अधोसंरचना, पुल-पुलिया सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग रखी गई। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में कई विकास कार्य लंबे समय से अपेक्षित हैं, जिनके लिए शासन स्तर से आवश्यक वित्तीय स्वीकृति और बजट उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के तीव्र एवं संतुलित विकास के लिए आगामी बजट में प्राथमिकता वाले कार्यों को स्थान देने का आग्रह किया। विधायक के अनुसार प्रभारी मंत्री के साथ क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है और शासन से आवश्यक सहयोग मिलने की उम्मीद है। इसी क्रम में विधायक अनुभा मुंजारे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात कर बालाघाट जिले और विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उनके समक्ष रखे। विधायक ने मुख्यमंत्री को किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए धान की फसल में माहू और ब्लास्ट रोग के प्रकोप से हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में फसल प्रभावित होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए और पात्र किसानों को उचित मुआवजा एवं क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई जाए। धान उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन में आ रही दिक्कतों का मुद्दा भी विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान उपार्जन पंजीयन की निर्धारित अवधि बढ़ाने की मांग की, ताकि तकनीकी अथवा अन्य कारणों से कोई पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रह जाए। विधायक ने कहा कि बालाघाट कृषि प्रधान जिला है और यहां बड़ी संख्या में किसान धान की खेती पर निर्भर हैं। इसलिए किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए पंजीयन प्रक्रिया में आ रही समस्याओं का समय रहते समाधान जरूरी है। विधायक ने किरनापुर क्षेत्र के ग्राम टिमकी टोला निवासी सावित्री बाई चौधरी के साथ हुई घटना का विषय भी मुख्यमंत्री के सामने रखा और मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई तथा पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की मांग की। इसके अलावा बालाघाट-लालबर्रा विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, विद्यालयों के उन्नयन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों को लेकर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की गई। विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि बालाघाट विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और विकास की आवश्यकताओं को लेकर वह लगातार शासन स्तर पर आवाज उठा रही हैं। उनका प्रयास है कि क्षेत्र में जरूरी विकास कार्यों के लिए स्वीकृति और पर्याप्त बजट उपलब्ध हो तथा किसानों की समस्याओं का भी समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों को सदन से लेकर शासन स्तर तक लगातार उठाया जाता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here