पूर्व सांसद कंकर मुंजारे एवं उनके कार्यकर्ताओं ने खरीदी प्रभारी के साथ की मारपीट

0

लालबर्रा (पद्मेश न्यूज )। जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक शाखा लालबर्रा के अंतर्गत आने वाली सेवा सहकारी समिति मोहगांव ध. को प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खरीदी केंद्र बनाया गया है और समिति के अंतर्गत आने वाले ग्रामों के किसान बड़ी संख्या में खरीदी केन्द्र पहुंचकर समर्थन मूल्य पर अपनी उपज कर रहे है एवं खरीदी कार्य निरंतर रूप से जारी है। इसी क्रम में २७ दिसंबर को भी मोहगांव ध. धान खरीदी केंद्र में समिति के कर्मचारियों के द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य में धान की खरीदी की जा रही थी। तभी दोपहर १२ बजे पूर्व सांसद कंकर मुंजारे अपने कार्यकताओं के साथ खरीदी केन्द्र पहुंचकर किसानों की उपज को रिजेक्ट करने के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए धान खरीदी प्रभारी से अभद्र व्यवहार करते हुए उसके साथ मारपीट की गई। जिससे समिति के कर्मचारी एवं तौलक व किसान इस घटना से आक्रोशित हो गये और खरीदी कार्य बंद कर दिया। जिसके बाद सभी कर्मचारी एवं तौलक लालबर्रा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत कर मारपीट करने वाले पूर्व सांसद कंकर मुंजारे एवं उनके साथ में आये अन्य तीन-चार व्यक्तियों पर सख्त कार्यवाही करने की मांग की और घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। वहीं पुलिस ने मोहगांव ध. सेवा सहकारी समिति के धान खरीदी प्रभारी नंदकिशोर दशरिये की रिपोर्ट पर पूर्व सांसद कंकर मुंजारे, बड़ी कुम्हारी निवासी सहजलाल उपवंशी, दीपेश रनगिरे, मोहगांव ध. निवासी प्रवीण नगपुरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता २०२३ की धारा २९६, ११५ (२), २५१ (२), ३ (५) के तहत मामला पंजीबध्द कर मामला जांच शुरू कर दी है। वहीं मोहगांव ध. सहित अन्य सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक एवं कर्मचारियों ने इस मारपीट की घटना के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए जिन लोगों के द्वारा मोहगांव ध. समिति के खरीदी प्रभारी से मारपीट की है उन पर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है एवं मांगे पूरी नही होने पर पूरे जिले की समितियों में धान खरीदी कार्य बंद कर विरोध प्रदर्शन किये जाने की चेतावनी शासन-प्रशासन को दी है।

आपकों बता दे कि शासन के निर्देशानुसार सेवा सहकारी समितियों के द्वारा बनाये गये खरीदी केन्द्रों में गत दिवस से समर्थन मूल्य में धान खरीदी कार्य जारी है और समिति के द्वारा शासन के मापदण्ड के अनुसार खरीदी की जा रही है। मोहगांव ध. धान खरीदी केन्द्र में २७ दिसंबर को किसानों की उपज समर्थन मूल्य में कर्मचारियों के द्वारा खरीदी की जा रही थी और किसान अपनी उपज विक्रय करने पहुंचे थे। जिनके साथ धपेरा निवासी किसान रामलाल नगपुरे भी अपनी उपज लेकर आया था परन्तु उसकी उपज शासन के मापदण्ड में नही आ रही थी। जिससे कहा गया था कि धान की सफाई करवा ले उसके बाद खरीदी कर लेगें जिसके बाद किसान धान रिजेक्ट करने की बात से नाराज होकर पूर्व सांसद कंकर मुंजारे को फोन पर जानकारी दे दी कि मोहगांव ध. समिति के कर्मचारी मेरी धान को रिजेक्ट कर दिये है। जिसके बाद पूर्व सांसद कंकर मुंजारे अपने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ दोपहर १२ बजे खरीदी केन्द्र पहुंचे और खरीदी कार्य की व्यवस्था के प्रति नाराजगी व्यक्त किया और कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनके साथ आये अन्य कार्यकर्ताओं ने खरीदी प्रभारी नंदकिशेार दशरिये से गाली-गालौच कर उसके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान समिति केन्द्र में कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल निर्मित हो गया, साथ ही उपस्थित किसानों ने बीच-बचाव किये। जिसके बाद पूर्व सांसद कंकर मुंजारे अपने कार्यकर्ताओं के साथ चले गये। वहीं खरीदी केन्द्र के अंदर खरीदी प्रभारी से मारपीट की घटना होने से उपस्थित कर्मचारी, किसान, तौलक आक्रोशित हो गये और पूर्व सांसद कंकर मुंजारे एवं उनके कार्यकर्ताओं के द्वारा खरीदी केन्द्र के अंदर पहुंचकर समिति के कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना की निंदा करते हुए आक्रोश व्यक्त किया और ऐसे व्यक्तियों पर सख्त कार्यवाही करने की मांग को लेकर समिति के कर्मचारी, तौलक एवं अन्य समिति के कर्मचारियों ने लालबर्रा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाकर मारपीट करने वाले पूर्व सांसद कंकर मुंजारे, उनके साथ आये अन्य तीन कार्यकताओं पर मामला पंजीबध्द कर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। वहीं मोहगांव ध. धान खरीदी केन्द्र में मारपीट की घटना होने के बाद शुक्रवार को धान खरीदी कार्य पूर्णत: बंद रहा। जिससे किसानों को भी कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं घटनाक्रम का वीडियों खरीदी केन्द्र में लगे सीसीटीव्ही कैमरे में भी कैद हो चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here