नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से छह जोड़ी ट्रेनें बाहर, जान लीजिए अब किन स्टेशनों से चलेगी?

0

नई दिल्लीओडिशा वासियों को यह खबर सुन कर थोड़ी मायूसी हो सकती है। रेलवे बोर्ड (Railway Board) ने ओडिशा और दिल्ली के बीच चलने वाली पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12801/12802) का टर्मिनल स्टेशन बदलने का फैसला किया है। अब यह ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) की जगह आनंद विहार टर्मिनल (ANVT) से चलेगी। इसी के साथ कुछ और ट्रेंनों को भी नई दिल्ली के बजाय आनंद विहार, पुरानी दिल्ली या दिल्ली जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन से चलाने का फैसला किया है।

भीड़ घटाना है उद्देश्य?

रेलवे बोर्ड ने इस आशय से जुड़ा आदेश बीते 12 जून को जारी किया है। इसका मकसद है नई दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को कम करना। उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली स्टेशन पर हर दिन लगभग 5 लाख यात्री का आना-जाना होता है। इस रेलवे स्टेशन पर इस समय 16 प्लेटफॉर्म हैं। इस पर दिन भर में करीब 350 ट्रेनें आती-जाती हैं। इसलिए पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, सहरसा गरीब रथ, मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनों को नई दिल्ली के बजाय कहीं और भेज दिया गया है।

क्या है रेलवे बोर्ड का आदेश

रेलवे बोर्ड के परिपत्र के अनुसार, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस अब नई दिल्ली के बजाय आनंद विहार से चलेगी। जाहिर है कि पुरी से दिल्ली आने वाली यह ट्रेन अब नई दिल्ली के बजाय आनंद विहार टर्मिनल पर पर टर्मिनेट होगी। 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस अब सुबह 3:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। यह नई दिल्ली स्टेशन पर सुबह 4:00 बजे पहुंचा करती है। मतलब कि इसका समय आनंद विहार में 10 मिनट पहले कर दिया गया है। इसी तरह, यह ट्रेन अब आनंद विहार से रात 10:50 बजे रवाना हुआ करेगी। अभी तक यह नई दिल्ली स्टेशन से रात 10:40 बजे रवाना हो रही है।

कुछ अन्य ट्रेन भी नई दिल्ली से बाहर

पुरुषोत्तम एक्सप्रेस अकेली ट्रेन नहीं है जिसे नई दिल्ली से हटाया जा रहा है। दिल्ली से हावड़ा, मुंबई, न्यू जलपाईगुड़ी और अमृतसर-जालंधर रूट पर चलने वाली पांच अन्य ट्रेनों को भी नई दिल्ली से बाहर करने की तैयारी है। नई दिल्ली से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12523/12524) अब आनंद विहार टर्मिलन से ही चला करेगी और यहीं टर्मिनेट होगी। नई दिल्ली-जालंधर सिटी एक्सप्रेस (14681/14682) और नई दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस (14679/14680) अब दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली) से चलेंगी। सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस (12203/12204) को भी दिल्ली जंक्शन को छूते हुए अपने गंतव्य तक जाएगी। नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस (22209/22210) अब हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here