वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। वार्ड नंबर ५ गांधी बाल उद्यान के पीछे स्थित सामुदायिक भवन में २७ जून को आदर्श लोहार विश्वकर्मा विकास परिषद की बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में प्रारंभ की गई। जिसमें समाज उत्थान प्रगति एवं जन जागरूकता लाने के विषय पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। वहीं समाज के निर्वाचन के उपरांत संगठन के विस्तार पर भी चर्चा कर दायित्वों का वितरण किया गया। इस दौरान शासन की नीतियों पर विचार मंथन करने के उपरांत आक्रोश व्यक्त करते हुए शासन का ध्यान आकर्षण करने के विषय पर रूपरेखा तैयार की गई। पद्मेश से चर्चा में जुगराम विश्वकर्मा ने बताया कि आज हमारे द्वारा बैठक आयोजित की गई थी हमारा विश्वकर्मा लोहार समाज है। पूरा समाज लोहे का काम करता है कारखाने संचालित करते हैं यह सब सरकार के द्वारा हमसे छीना जा रहा है। आज कई परिवारों के सामने रोजगार की समस्या उत्पन्न हो गई है। हम बेरोजगार होकर इधर उधर भटक रहे हैं कई लोग बाहर कमाने जा रहे है। इसी उद्देश्य की पूर्ति को लेकर समाज में जागरूकता लाने हमारे द्वारा समाज के संगठन आदर्श लोहार विश्वकर्मा विकास परिषद का गठन किया गया था। उसमें हर ३ साल में चुनाव होते हैं जो ३ दिन पूर्व ही संपन्न हुए हैं । ऐसे में सामाजिक बंधुओ को एकत्रित कर संगठन का विस्तार किया गया है। समाज में जागरूकता लाने का प्रयास किया जा रहा है कि समाज शिक्षा के प्रति और समाज में चल रही कुरीतियों के प्रति जागरूक हो आगे बड़े हर तरह से प्रयास हो रहे हैं। ऐसे में विचार मंथन किया जा रहा है कि समाज के लोगों को किस प्रकार जागरूक किया जाए कि वह अपने बालक बालिकाओं को उच्च शिक्षा तक लेकर जाएं। वहीं सरकार का भी ध्यान आकर्षण करने का हमारा काम है कि वह हमारे समाज पर अपना ध्यान देकर हमारे रोजगार में आ रही समस्याओं का निराकरण करें ताकि हमें काम मिल सके। इस अवसर पर अशोक वानेकर ,नारायण विश्वकर्मा, शिवलाल विश्वकर्मा, श्यामकिशोर विश्वकर्मा, दीनदयाल भूरेकर, सोनू सोनवाने, प्यारेलाल दूधबावने, देवेंद्र उके, आकाश सोनवाने, रविंद्र सोनवाने, अंजूलता विश्वकर्मा सहित अन्य समाज पदाधिकारी सदस्य मौजूद रहे।










































