पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा थाना अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जाम स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान में रविवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के साथ धावा बोल दिया। तलवार और फरसा लहराते हुए बदमाशों ने दुकान में घुसकर लूटपाट की कोशिश की, लेकिन सेल्समैन की सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ी डकैती टल गई। वहीं जाम देशी-अंग्रेजी शराब दुकान में नकाबपोश लुटेरों के द्वारा रात के समय दुकान में घुसकर लूटपाट की घटना करने की यह दुसरी घटना है। एक वर्ष पूर्व भी इसी देशी-अंग्रेजी शराब दुकान में लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसके आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से दुर है जिन्हे पुलिस गिरफ्तार नही कर पाई है। वहीं पुन: दुसरी घटना उसी शराब दुकान में रविवार की रात्रि में घटित हुई है जिससे दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। पुलिस ने अज्ञात नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की धारा ३१२ और ३२४ (२) के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार १ मार्च की रात करीब १२ बजे सेल्समैन यशवंतसिंह परिहार (थाना लवकुश नगर, जिला छतरपुर निवासी ) अपने साथी सोबिंटुकुमार सिंह के साथ दुकान बंद कर खाना बना रहे थे। इसी दौरान एक चौपहिया वाहन दुकान के पास आकर रूका, जिससे ४-५ नकाबपोश व्यक्ति हाथ में तलवार और फरसा लेकर निकले। बदमाशों को देखकर सेल्समैन ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जिसके बाद लुटेरों ने लातों और हथियारों से दरवाजा तोडऩे की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाये। जब सेल्समैन ने पुलिस को फोन लगाना शुरू किया, तो पकड़े जाने के डर से नकाबपोश बदमाशों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीव्ही कैमरों में तोडफ़ोड़ की और वाहन सहित मौके से फरार हो गये। लेकिन भागने से पहले आरोपी सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हो चुके थे। जिसके बाद दुकान का सेल्समैन ने दुकान मालिक रणधीर सेंगर और विकास तिवारी को घटना की जानकारी दी। वहीं शराब दुकान में लूटपाट की कोशिश होने की जानकारी लगने के बाद दुकान मालिक रणधीरसिंह सेंगर और विकास तिवारी मौके पर पहुंचे। देशी-अंग्रेजी शराब दुकान में लूट की अप्रयास घटना के बाद सोमवार को दुकान के सेल्समैन थाना पहुंचकर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वहीं पुलिस प्रशासन इस मार्ग पर निवासरत लोगों के घरों एवं दुकान में लगे सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चौपहिया वाहन में आये आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हे गिरफ्तार कर सके। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात नकाबपोश लुटेरों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबध्द कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










































