- IND vs ENG: 5 मार्च को टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेलेगी। यह मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले जुबानी जंग तेज हो गई है। सैम करन ने इस मुकाबले से पहले कुछ ऐसा कहा है जिसने इस मुकाबले के इटेंस को और बढ़ा दिया है। 19 नवंबर 2023 का दिन शायद ही टीम इंडिया के फैंस भूले होंगे जब ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम को अपनी गेंदबाजी से खामोश कर दिया था। अगर भूल गए हैं तो इस बार इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने इसे दोबारा याद दिलाने की चुनौती टीम इंडिया को दी है। सेमीफाइनल से पहले करन ने खुले तौर पर टीम इंडिया को चेतावनी दी।
- छिपाने के लिए कुछ नहीं
- 5 मार्च को खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच से पहले इंग्लैंड के सैम करन ने कहा कि दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ इतना खेल चुकी हैं कि कुछ छिपाने के लिये बचा नहीं है लेकिन उन्हें अपनी टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। करन ने वानखेड़े स्टेडियम पर इंग्लैंड के अभ्यास सत्र से पहले कहा,’’ इस मैदान पर हम काफी खेल चुके हैं लिहाजा कुछ छिपा नहीं है।’’
- उन्होंने कहा,’’हमारे पास अभ्यास के लिये दो दिन का समय है जिससे हालात के अनुकूल ढलने में मदद मिलेगी। इन स्टेडियमों में हम इतना खेल चुके हैं कि अलग अलग हालात की आदत हो गई है। हम भारतीय खिलाड़ियों के साथ बहुत खेलते हैं तो कुछ भी छिपा नहीं है।’’ इंग्लैंड का इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन उतार चढाव भरा रहा है जिसने नेपाल को बमुश्किल चार रन से हराया। सुपर आठ में पाकिस्तान को दो विकेट से मात दी। करन ने कहा,’’ पिछला प्रदर्शन अब मायने नहीं रखता। यह विश्व कप सेमीफाइनल है और हम इसमें अपना परफेक्ट खेल दिखायेंगे।’’ वानखेड़े स्टेडियम पर भारत के समर्थकों का शोर रहेगा लेकिन कुरेन को पता है कि उन्हें खामोश कैसे करना है।
उन्होंने कहा, ’’ यह शानदार स्टेडियम है। मुझे यकीन है कि बृहस्पतिवार की रात यह स्टेडियम खामोश रहेगा। भारतीय टीम शानदार है लेकिन हमारे अधिकांश खिलाड़ियों ने उसके खिलाफ और आईपीएल में खेला है। हम किसी चीज से भयभीत नहीं हैं और दोनों टीमें सेमीफाइनल की चुनौती को लेकर रोमांचित होंगी।’’
टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो भारत-इंग्लैंड की टीम लगातार तीसरी बार एक दूसरे से भिड़ेगी। इंग्लैंड ने 2022 में भारत को सेमीफाइनल में दस विकेट से हराने के बाद खिताब जीता था, जबकि भारत ने 2024 में इंग्लैंड को 78 रन से हराने के बाद खिताब जीता था। अब बार फिर दोनों टीम के पास मौका है।










































