बालाघाट/
वन परिक्षेत्र बालाघाट के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरी में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई।जहां खेत में कृषि कार्य कर रहे एक किसान पर वन्य प्राणी तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान भंडारी पिता तेजू लाल पांचे 62 वर्ष है।जिसे जिला अस्पताल प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोरी निवासी कृषक भंडारी पांचे अपने परिवार के साथ खेती किसानी करते हैं। 9 मार्च को सुबह 8:30 बजे भंडारी पांचे अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत से लगे जंगल की ओर से आए एक तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। तेंदुए ने किसान के पेट पर गंभीर वार किया और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी पंजों से हमला कर दिया।जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।भंडारी पांचे की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद घायल किसान भंडारी पांचे को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया गया।जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किये। किसान भंडारी पांचे
की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से इसी क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां बढ़ गई थीं और वह कई मवेशियों पर भी हमला कर चुका है। जिससे गांव में पहले से ही दहशत का माहौल बना हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी भी जिला अस्पताल पहुंच गए और मामले की जानकारी ली।ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए ताकि गांव में दोबारा ऐसी घटना न हो और लोगों में फैला भय समाप्त हो सके। जिला अस्पताल पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक महेंद्र मर्सकोले ने किसान भंडारी पांचे के पड़ोसी ओमकार पांचे का बयान लेकर अस्पताल तहरीर अग्रिम कार्रवाई हेतु घटनास्थल से संबंधित पुलिस थाना ग्रामीण भिजवा दी है।










































