भद्रीटोला मेंं शोपीस बनी नल जल योजना ग्रामीण झेल रहे जल संकट

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मंगेझरी के भद्रीटोला में निवासरत परिवारों के सामने जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जहां नल जल योजना जल जीवन मिशन के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के द्वारा बलीपाट टोला में टंकी का निर्माण लाखों रुपए की लागत से करवा दिया गया है। परंतु इसका संचालन व्यवस्थित रूप से नहीं होना ही सबसे बड़ी समस्या है इस समस्या से ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त है। योजना का पानी बलीपाट टोला में मिल रहा हैं पर भद्रीटोला में पानी की किल्लत का सामना करते हुए पानी प्राप्त करने के लिए हेडपम्प पर जद्दोजहद करनी पड़ रही है। उसके बाद भी कई बार हैंडपंप से जंग युक्त पानी उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

पाइपलाइन बिछी पर प्यासा है गांव

भद्रीटोला में नल जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य काफी समय पहले पूरा हो चुका है। ग्रामीण लंबे समय से इस उम्मीद में थे कि उनके घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुँचेगा। लेकिन विडंबना यह है कि आज तक इन नलों से पानी की एक बूंद भी नहीं टपकी है। योजना केवल बिछी हुई पाइपलाइनों तक ही सीमित रह गई है। टोले की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है जल आपूर्ति के नाम पर भद्रीटोला की निर्भरता केवल २ हैंडपंपों पर टिकी है। इन दो हैंडपंपों पर लगभग ४० परिवारों की जिम्मेदारी है। जहाँ पानी भरने के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती हैं जिससे ग्रामीणों का काफ ी समय बर्बाद होता है। वहीं हैंडपंपों से निकलने वाला पानी भी शुद्ध नहीं है पानी में जंग की मात्रा है दूषित और लाल पानी पीने के कारण ग्रामीणों में विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। स्वच्छ पानी का कोई अन्य विकल्प नही होने के कारण ग्रामीण यही पानी पीने को मजबूर हैं। जिससे भद्रीटोला के निवासियों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। भद्रीटोला की यह स्थिति जल जीवन मिशन जैसे बडे दावों पर सवाल खड़ी करती है। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो दूषित पानी के सेवन से गांव में कोई बड़ी बीमारी फैल सकती है। शासन और प्रशासन को इस दिशा में तत्काल ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। जिसमें ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से मांग की है कि बिछी हुई पाइपलाइन की तत्काल जांच हो जल आपूर्ति शुरू करे गांव में नए बोरवेल की व्यवस्था की जायें। ताकि नल जल योजना का लाभ सभी को मिल सके।

पाइपलाइन तो डाल दिए हैं किंतु टंकी बनी तब से पानी नहीं आया – सुनीता पटले

ग्रामीण सुनीता पटले ने बताया कि हम लोग पानी पानी के हो गए हैं हैंडपंप पर जाओ तो झगड़ा होता है। पानी भरने के लिए हर किसी के घर में समस्या है पानी पर्याप्त नहीं मिल रहा है पाइपलाइन तो डाल दिए हैं किंतु नल नहीं आ रहा है। बलीपाट टोले में पानी की टंकी बनी है टंकी बनी तब से पानी नहीं आ रहा है। भद्रीटोला के एक भी मकान में पानी नहीं आता है शादी विवाह में पंचायत से टंकी बुलाते हैं पानी की बहुत किल्लत है। हैंडपंप से जंग वाला पानी निकलता है वैसा ही पानी पीना पड़ता है। हमारे टोले में पानी पर्याप्त नहीं होता है कई बार २ दिन का पानी हमें पीना होता है। यदि ट्रांसफ ार्मर के पास एक ट्यूबवेल करवा देते तो पानी की किल्लत नहीं होती।

पानी की बहुत ज्यादा हमें किल्लत है – फुलवंता पटले

ग्रामीण फु लवंता बाई पटले ने बताया कि मैं अपने घर में बुजुर्ग महिला हूं पानी की बहुत ज्यादा हमें किल्लत है। हैंडपंप से पानी लाना पड़ता है बच्चे हमारे काम पर चले जाते हैं जब भी पानी लगता है तो हैंडपंप पर हम जाते हैं। खाना भी समय पर नहीं बनता है क्योंकि भीड़ बहुत ज्यादा हैंडपंप पर होती है दो हैंडपंप है जिसमें एक खराब हुआ तो विवाद की स्थिति बढ़ जाती है। नल जल योजना का तो आज तक पानी नहीं आया है सरपंच को बोलते बोलते थक गए कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

हमारे टोले में दो हैंडपंप है ८० मकान के लोग निर्भर है – रायवंता भलावी

ग्रामीण रायवंता बाई भलावी ने बताया कि हैंडपंप से भी थोड़ा.थोड़ा पानी निकलता है रोज विवाद होते हैं जंग वाला पानी हमें पीना पड़ता है। आज तक हमें नल जल का पानी नहीं मिला है हमारे टोले में दो हैंडपंप है जिसके ऊपर पूरे ८० मकान के लोग निर्भर है। एक हैंडपंप से अच्छा पानी आता है और दूसरा हैंडपंप जंग वाला गंदा पानी निकलता है पर्याप्त पानी यहां पर किसी को नहीं मिलता है। बस लोग अपना जीवन चला रहे हैं योजना तो बनी है पर हमारे लिए कोई काम की नहीं है। यदि हमारे ट्रांसफ ार्मर के पास में एक बोर हो जाता तो इस दिक्कत का समाधान हो जाता।

इनका कहना है

दूरभाष पर चर्चा में बताया कि नल जल योजना का पानी आता है परंतु चढ़ाव के कारण कुछ मकानों में नहीं जाता है। टंकी जो है वह निचले स्थान पर बनी हुई है इस संबंध में पीएचई को भी हमने शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने निरीक्षण किया है मौका स्थल देखा है डाउन वाले भाग में सभी को पानी मिलता है ऊंचाई में नहीं मिल पाता है।

लोकचंद रोडगे सरपंच मंगेझरी

दूरभाष पर चर्चा में बताया कि मंगेझरी के बलीपाट टोला में बनी नल जल योजना हैंडोवर हो गई है। अब इसमें हम क्या कर सकते हैं सरपंच को पहले यह चीज देखना था। फि र भी हम इस संबंध में बात करके देखते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here