बसपा का जोन स्तरीय जयंती समारोह एवं विचार संगोष्ठी कार्यक्रम का हुआ आयोजन

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित सरस्वती मैदान में बहुजन समाज पार्टी के तत्वाधान में रविवार को बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक और सामाजिक परिवर्तन के महानायक मान्यवर साहब कांशीराम जी की ९२ वे जयंती के अवसर पर जोन स्तरीय जयंती समारोह एवं विचार संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बहुजन समाज पार्टी के मुख्य जोन प्रभारी कमलेश बौध्द के मुख्य आतिथ्य, बसपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र की अध्यक्षता एवं अन्य पदाधिकारियों के विशेष आतिथ्य में प्रारंभ हुआ। जिसमें सर्वप्रथम उपस्थितजनों ने महापुरूषों के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया और उन्हे नमन किया। आयोजित जयंती समारोह एवं विचार संगोष्ठी में उपस्थित अतिथियों ने बहुजन समाज पार्टी के सामाजिक परिवर्तन के महानायक बामसेफ, डीएस ४, बसपा संस्थापक बहुजन नायक माननीय कांशीराम के जीवन एवं संघर्षों पर विस्तार से प्रकाशत डालते हुए कहा कि साहब कांशीराम जी ने ही पिछड़ों, दलितों और शोषित समाज को उनका वास्तविक हक दिलवाया है, उन्होंने दबे-कुचले लोगों को न केवल समाज की मुख्यधारा से जोड़ा, बल्कि उन्हें राजनीति और शासकीय सेवाओं में प्रतिनिधित्व के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया। साथ ही यह भी कहा कि कांशीराम जी का मानना था कि जब तक बहुजन समाज के पास राजनीतिक सत्ता नहीं होगी, तब तक पूर्ण विकास संभव नहीं है। उन्हीं के प्रयासों का फल है कि आज बहुजन समाज अपने हक के प्रति जागरूक हुआ है। साथ ही समारोह के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे साहब कांशीराम जी के बताये मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, समानता और स्वाभिमान का संदेश पहुंचायेगें। वहीं कार्यक्रम के दौरान जय भीम और साहब कांशीराम अमर रहें के नारों से पूरा कार्यक्रम परिसर गुंजायमान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here