Closing Bell: न युद्ध की चिंता, न तेल की फिक्र, आखिरी एक घंटे में क्यों रॉकेट बना बाजार?

0
  • Sensex-Nifty Share Market Today: शेयर बाजार में सोमवार को जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सेंसेक्स में इस दौरान डे लो से डे हाई के बीच 1855 अंक का उछाल देखने को मिला। सेंसेक्स की ओपनिंग 74,415.79 अंक पर हुई। इसके बाद सेंसेक्स 73,949.76 अंक तक गिर गया। हालांकि, 2:15 मिनट के बाद आई अचानक तेजी के चलते 75,805.27 तक पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी में भी डे हाई से डे लो के बीच 546.75 अंक की रिकवरी देखने को मिली। निफ्टी 11 बजे के आसपास करीब 200 अंक की गिरावट के साथ 22,955.25 अंक के डे लो तक गिर गया। इसके बाद आखिरी घंटे में आई रैली के चलते 300 अंक से ज्यादा के उछाल के साथ 23,502 अंक के इंट्रा डे हाई तक चला गया।
  • कहां बंद हुए निफ्टी-सेंसेक्स इंडेक्स?
  • निफ्टी और सेंसेक्स दोनों ही इंडेक्स दिन के आखिर में करीब 1 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए। निफ्टी ने जहां 23400 के अहम सपोर्ट लेवल को रिक्लेम किया है। वहीं, सेंसेक्स भी 75 हजार के अहम लेवल से ऊपर बंद हुआ है। आज के कारोबार को बाजार की आगे की दिशा के लिहाज से अहम माना जा रहा था। अगर निफ्टी 23080 से नीचे बंद होता, तो टेक्निकल लेवल्स के हिसाब से बाजार और गहरे करेक्शन फेज में जा सकता था। बहरहाल, दिन के आखिर में निफ्टी 1.11% की तेजी के साथ 257.70 अंक चढ़कर 23,408.80 पर बंद हुआ। वहीं, सेंसेक्स 1.26% की तेजी के साथ 938.93 अंक उछलकर 75,502.85 अंक पर बंद हुआ।
  • किन वजहों से आई तेजी?
  • बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह वैल्यू बायिंग मानी जा रही है। क्योंकि, बेंचमार्क इंडेक्स से लेकर पूरा ब्रॉड मार्केट ओवरसोल्ड जोन में पहुंच चुका था, जहां से लॉन्गटर्म निवेशकों के लिए खरीदारी का बढ़िया अवसर मिला है। बाजार में मेटल, ऑटो, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल और FMCG शेयरों में खरीदारी ने तेजी को सपोर्ट दिया। पिछले तीन सत्रों से दबाव में चल रहे बाजार में निवेशकों ने निचले स्तरों पर वैल्यू बाइंग का मौका देखा, जिससे बाजार का रुख पलट गया।
  • VIX में नरमी से घटी घबराहट : बाजार की अस्थिरता को मापने वाला इंडिया VIX करीब 5 प्रतिशत गिरकर 22 के नीचे आ गया। VIX में गिरावट इस बात का संकेत है कि बाजार में घबराहट कुछ कम हुई है। India VIX करीब 4.39 प्रतिशत गिरकर 21.65 के स्तर पर आ गया। VIX में गिरावट यह संकेत देती है कि बाजार में घबराहट कुछ कम हुई है और निवेशकों का भरोसा धीरे-धीरे लौट रहा है।
  • जियोपॉलिटिकल मोर्चे पर राहत : पश्चिम एशिया से जुड़े तनाव में कुछ नरमी के संकेत मिलने से भी बाजार का सेंटीमेंट सुधरा। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होरमुज से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा के लिए देशों के साथ एक गठबंधन बनाने की तैयारी कर रहा है। यह रास्ता वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत संभालता है, इसलिए यहां स्थिरता की खबरों ने निवेशकों को राहत दी। वहीं, इसी बीच भारत के झंडे वाले LPG कैरियर ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ भी सुरक्षित तरीके से स्ट्रेट ऑफ होरमुज पार कर भारत की ओर बढ़े हैं। करीब 92,712 मीट्रिक टन LPG लेकर आए इन जहाजों के सुरक्षित पहुंचने से सप्लाई को लेकर तत्काल चिंता कम हुई है।
  • वैश्विक बाजारों से भी मिला सपोर्ट : अमेरिकी बाजारों के फ्यूचर्स में भी मजबूती देखने को मिली। Nasdaq के मिनी फ्यूचर्स करीब 0.7 प्रतिशत चढ़े, जबकि Dow और S&P 500 के फ्यूचर्स में भी आधे प्रतिशत से ज्यादा की तेजी रही। वैश्विक बाजारों से मिले इस सकारात्मक संकेत ने घरेलू बाजार की रिकवरी को बल दिया।
  • टेक्निकल तस्वीर अभी भी कमजोर
  • हालांकि, तकनीकी संकेत अभी पूरी तरह मजबूत नहीं माने जा रहे। डेली चार्ट पर बाजार अब भी लोअर हाई और लोअर लो फॉरमेशन में बना हुआ है। इसके अलावा वीकली चार्ट पर लंबी बेयरिश कैंडल बनी है। ऐसे में जब तक बाजार 23,500 के ऊपर टिक नहीं जाता, तब तक कमजोरी की आशंका बनी रहेगी और Nifty 22,800 से 22,600 तक फिसल सकता है। वहीं, ऑप्शन चेन डेटा भी बाजार में सतर्कता का संकेत दे रहा है। 24,000 से 24,500 के बीच कॉल रेजिस्टेंस मजबूत हुआ है, जबकि पुट पोजिशनिंग नीचे 22,000 से 23,000 के जोन में शिफ्ट हुई है।
  • किन सेक्टर में दिखी रिकवरी?
  • सोमवार को शेयर बाजार में अच्छी रिकवरी देखने को मिली और Nifty 50 करीब 0.84 प्रतिशत चढ़कर 23,345 के स्तर पर बंद हुआ। बैंकिंग शेयरों की मजबूती ने बाजार को सबसे बड़ा सहारा दिया। Nifty Bank करीब 0.97 प्रतिशत चढ़कर 54,281 पर बंद हुआ, जबकि Nifty Private Bank में भी करीब 1.04 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 1.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ, जिससे साफ संकेत मिला कि बाजार की रिकवरी में वित्तीय शेयरों की अहम भूमिका रही।
  • ऑटो और FMCG में खरीदारी : सेक्टोरल इंडेक्स में ऑटो सेक्टर सबसे मजबूत दिखा। Nifty Auto करीब 1.41 प्रतिशत चढ़कर 24,536 के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा FMCG इंडेक्स में भी 0.85 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इन डिफेंसिव और कंजम्पशन सेक्टरों में खरीदारी ने बाजार की तेजी को टिकाऊ बनाने में मदद की।
  • मिडकैप और स्मॉलकैप में कमजोरी : हालांकि बड़ी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी दिखी, लेकिन मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव बना रहा। Nifty Midcap 100 करीब 0.52 प्रतिशत गिरा, जबकि Nifty Smallcap 100 में करीब 0.65 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके अलावा Nifty MidSmallcap 400 भी करीब 0.58 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ। इससे संकेत मिलता है कि निवेशक फिलहाल जोखिम वाले शेयरों से दूरी बनाकर बड़े और सुरक्षित शेयरों की ओर झुकाव दिखा रहे हैं।
  • IT, फार्मा और रियल्टी सेक्टर दबाव में : सेक्टोरल स्तर पर IT, फार्मा और रियल्टी सेक्टर में कमजोरी देखने को मिली। Nifty Pharma करीब 1.46 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ, जबकि हेल्थकेयर इंडेक्स में भी 1.6 प्रतिशत की गिरावट रही। रियल्टी इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत टूटकर सबसे ज्यादा दबाव में रहा। इसके अलावा ऑयल एंड गैस इंडेक्स में भी करीब 1.61 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here