पदमेश न्यूज़, बालाघाट।मार्च माह में पड़ रही भारी गर्मी के बीच मंगलवार को मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिला,जहां दोपहर के बाद नीले आसमान को काले बादलों ने घेरना शुरू कर दिया,जिससे बढा हुआ तापमान अचानक से धराशाई हो गया।उधर सुहाने मौसम के बीच हल्की ठंड़ी व आद्रता भरी हवाई चलने लगी और रात्रि करीब 12 के बाद बिजली की चमक व बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बारिश शुरू हो गई। जहां इस बारिश के चलते बालाघाट नगर सहित संपूर्ण जिले की विद्युत व्यवस्था प्रभावित रही, तो नगर के कई निचले इलाके जलमग्न हो गए, कई स्थानों पर तो रात से गुल हुई बिजली सुबह बहाल हुई, देर रात हुई इस बारिश से धान, गेंहू चना की फसल को तो नुकसान नही हुआ है, लेकिन यह बारिश हरी सब्जी की फसल के लिए नुकसानदेह साबित हुई है।उधर मौसम विभाग ने 21 मार्च तक मौसम के कुछ इसी तरह बने रहने,और आंधी-तूफान के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
बारिश से आम जनजीवन हुआ प्रभावित
मार्च की गर्मी के बीच विगत दो दिनों से मौसम में परिवर्तन के चलते अर्द्धरात्रि में आकाशीय गर्जना के साथ तेज बारिश हो रही है। जिससे मार्च में पड़ रही गर्मी से लोगों को हल्की राहत मिली है।मंगलवार की देररात तकरीबन 1 घंटे तक हुई तेज बारिश का असर ना केवल आम जनजीवन पर पड़ा बल्कि इससे बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। जिसके कारण लोगों को पूरी रात बिजली नहीं मिली।मंगलवार की देररात्रि आकाशीय गर्जना के साथ हुई तेज बारिश के कारण, नगर के निचले क्षेत्र वार्ड क्रमांक 10 में पानी की उचित निकासी का प्रबंध नहीं होने से जलभराव जैसी स्थिति भी देखने को मिली। यहां सड़क पर पानी जमा हो गया।जो करीब 2 घण्टे बाद छटा। शहर अभियंता कार्यालय के अधिकारी मार्को ने बताया कि शहर के अलग-अलग स्थानो में एलटी और डीओ फेस में समस्या के कारण, यह स्थिति पैदा हुई है। जिसमें सुधार कार्य चल रहा है। दूसरी ओर भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार बालाघाट में 24 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
21 मार्च तक मौसम बदलाव की चेतावनी
उधर मौसम विभाग ने मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है।जिसके अनुसार आगामी 21 मार्च तक मौसम में बदलाव की चेतावनी जारी की गई है। जहा 3 दिनों तक मौसम के कुछ इसी तरह बने रहने और आंधी-तूफान के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। जिला कृषि मौसम इकाई कृषि विज्ञान केन्द्र बालाघाट बडगांव के वैज्ञानिक डॉ. धर्मेंद्र अगासे ने बताया कि इन दिनों अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को मौसम में संभावित बदलाव को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। हालांकि मौसम बदलने से हुई तेज बारिश के कारण खेतो में लगी गेंहू और चने की फसल को फायदा हो रहा है, जबकि सब्जी वाली फसलों को नुकसान की बात कही जा रही है।










































