सोशल मीडिया सीरत कपूर अचानक ट्रेंड हो रही हैं। उन्होंने तेलुगू सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के ‘कुछ बेहद घटिया फैंस’ को उनकी बेहूदगी पर सबक सिखाया है। एक्ट्रेस संग ‘पुष्पा’ फेम एक्टर के फैंस की ओछी हरकत ऐसी है कि सुनकर आपका भी पारा चढ़ जाएगा। यह मामला सीरत कपूर के उस पोस्ट से जुड़ा है, जो उन्होंने बीते महीने 8 अप्रैल को अल्लू अर्जुन के जन्मदिन पर किया था। एक्टर के 44 साल के होने पर सीरत ने उनके साथ प्राइवेट जेट से विदेश यात्रा की कुछ अनदेखी तस्वीरें पोस्ट कीं। कई लोगों को यह जानकर हैरानी हुई कि अल्लू अर्जुन और सीरत करीबी दोस्त हैं। कुछ बेहूदा यूजर्स ने इस पर अपमानजनक टिप्पणियां शुरू कर दीं। लेकिन हद तब हो गई, जब सीरत कपूर के एक हालिया पोस्ट पर बेहद घटिया बातें की गईं। यहां तक कि उन्हें ‘अल्लू अर्जुन की प्रॉपर्टी’ कहा गया। जाहिर है, पानी सिर के ऊपर हो गया। लिहाजा, एक्ट्रेस ने भी ऐसी छोटी मानसिकता वाले यूजर्स को जमकर लताड़ लगाई है।
दरअसल, सीरत कपूर ने हाल ही लेसी ब्राउन आउटफिट में अपनी एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘वीकेंड में एंट्री, बिल्कुल अपनी ही प्रेरणा की तरह (स्टार इमोजी)।’ वैसे तो इस पोस्ट पर सीरत के फैंस ने जमकर प्यार लुटाया। किसी ने दिल वाली इमोजी शेयर की, तो किसी ने कॉमेंट पर उनकी तारीफ की। लेकिन एक बेहूदा इंस्टाग्राम यूजर ऐसा भी है, जिसने उन्हें ‘अल्लू अर्जुन की प्रॉपर्टी’ कहा और साथ में आंख में दिल वाली इमोजी डाला।










































