वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पर रविवार को एक ऐसी पोस्ट की है, जिससे ईरान में फिर से युद्ध शुरू होने की आशंका पैदा हो गई है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह एक सैन्य कमांडर के साथ समुद्र में जहाज पर सवार दिख रहे हैं। ट्रंप की इस तस्वीर के साथ लिखा है कि ये तूफान से पहले की शांति थी। उनके इस पोस्ट के कई मतलब निकाले जा रहे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप इस तस्वीर में कैप पहन कर एक युद्धपोत के डेक पर खड़े हुए दिख रहे हैं। आसपास समुद्र में तूफान आता दिख रहा है। उनके पीछे एक ईरान का झंडा लगा जहाज दिख रहा हैं। ऐसे में ट्रंप की इस पोस्ट से इस बात की आशंका बढ़ी है कि अमेरिका और इजरायल फिर से ईरान में युद्ध शुरू कर सकते हैं।
अमेरिका कर रहा हमलों की प्लानिंग!
डोनाल्ड ट्रंप की सोशल मीडिया पर यह पोस्ट ऐसे समय आई है, जब रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ईरान पर जल्दी ही कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। हालिया दिनों में ट्रंप ने कई दफा ये धमकी दी है कि जल्दी समझौता नहीं हुआ तो ईरान के लिए बुरा समय आ जाएगा। ईरान की ओर से किसी भी हमले का कड़ा जवाब देने की बात कही गई है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान के खिलाफ सैन्य हमले फिर से शुरू करने के लिए ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी 2.0’ की योजना तैयार की है। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा है कि ईरान में अगर जरूरी हुआ तो हमारे पास स्थिति को आगे बढ़ाने यानी हमले तेज करने की योजना मौजूद है।










































