कई बार मोबाइल फोन छूने पर इतना गर्म लगता मानो उसे बुखार हो गया हो। मोबाइल के ओवरहीट होने की यह परेशानी गर्मियों में ज्यादा देखी जाती है। कई बार मोबाइल के ज्यादा गर्म होने की वजह से फटने या ब्लास्ट होने की खबरें भी मिलती हैं। आखिर मोबाइल को गर्म होने से कैसे बचाएं, इसी बारे में बता रहे हैं वरुण आनंद
गर्मियों में जिस तरह खुद को लू से बचाना ज़रूरी है, ठीक उसी तरह मोबाइल फोन को भी ओवरहीट से बचाना अहम है। एंड्रॉइड हो या iOS गर्मियों में फोन के ओवरहीट की परेशानी सामने आ ही जाती है। ऐसे में कुछ सावधानियों और सेटिंग्स के जरिए इस परेशानी से बच सकते हैं।
मोबाइल ओवरहीट की ये हो सकती हैं वजहें
- तेज़ धूप या गर्मी से तपती कार में फोन छोड़ना
- लंबे समय तक विडियो रिकॉर्डिंग या गेमिंग
- एक साथ कई ऐप्स चलना
- खराब नेटवर्क में लगातार इंटरनेट यूज़ करना
- फास्ट चार्जिंग के दौरान फोन इस्तेमाल करना
- पुराना या लोकल चार्जर यूज़ करना
- स्टोरेज लगभग फुल होना
- सॉफ्टवेयर अपडेट न होना
सभी तरह के फोन में इन बातों का रखें ध्यान
- चार्जिंग के समय फोन इस्तेमाल न करें
- ओवरहीट हो रहा हो तो फोन का मोटा बैक कवर हटाएं
- बैकग्राउंड ऐप्स बंद करें
- नेटवर्क कमज़ोर हो तो डेटा बंद करें
- फोन को फ्रिज या बर्फ के पास न रखें
- स्टोरेज खाली रखें













































