बरघाट में बाघ का खौफ: युवक को जंगल में खींच ले गया आदमखोर, शरीर का आधा हिस्सा खाया; इलाके में भारी दहशत

0

सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में वन्यजीव और इंसानों के बीच संघर्ष की एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बरघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चमरवाही में मंगलवार सुबह तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए एक आदिवासी युवक को बाघ ने अपनी चपेट में ले लिया। बाघ के इस जानलेवा हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से चमरवाही और उसके आसपास के दर्जनों गांवों में भारी दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।

काफी देर तक नहीं लौटा, तो जंगल पहुंचे ग्रामीण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चमरवाही निवासी इंद्र कुमार कोरचे (30) इन दिनों चल रहे तेंदूपत्ता सीजन के कारण रोज की तरह सुबह-सुबह पास के जंगल में पत्तियां तोड़ने गया था। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे एक बाघ ने उस पर अचानक हमला कर दिया और उसे अंदर घने जंगल की तरफ खींच ले गया। जब दोपहर तक इंद्र कुमार घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ जंगल में उसकी तलाश शुरू की।क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

जंगल के भीतर काफी तलाश करने के बाद ग्रामीणों को इंद्र कुमार का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसे देखकर लोगों के होश उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाघ ने युवक के शरीर के निचले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचाया था। घटना की भनक लगते ही बरघाट पुलिस और वन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने मौका पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बरघाट सिविल अस्पताल भिजवाया है। वन विभाग ने एहतियातन तौर पर ग्रामीणों के अकेले जंगल जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here