रोम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ मुलाकात के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया है। इस दौरान पीएम मोदी ने इटली को भारत का अहम साझेदार बताया और कहा कि हमारी बातचीत तय एजेंडे से कहीं आगे की है। पीएम मोदी ने टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को देशों की पार्टनरशिप की इंजन बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इटली अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर काम जारी है।
इटली के साथ स्पेशल रणनीतिक साझेदारी का ऐलान
उन्होंने कहा, “पिछले लगभग साढ़े तीन साल में मुझे कई बार प्रधानमंत्री मेलोनी से मिलने का अवसर मिला है। यह भारत और इटली के बीच करीबी सहयोग और सामंजस्य को दिखाता है। उनके नेतृत्व में हमारे संबंधों को नई गति, नई दिशा और नया आत्म-विश्वास मिला है।” पीएम मोदी ने आगे कहा, “मुझे खुशी है कि हम अपने संबंधों को अपग्रेड करते हुए स्पेशल रणनीतिक साझेदारी की घोषणा कर रहे हैं।”पीएम मोदी ने इटली के साथ शिपिंग, बंदरगाह आधुनिकीकरण, लॉजिस्टिक और ब्लू इकोनॉमी पर मिलकर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा, “हमारे डिफेंस इंडस्ट्रियल रोडमैप से को-डेवलपमेंट और को-प्रोडक्शन का रास्ता खुला है। समुद्री शक्ति के रूप में भारत और इटली के बीच कनेक्टिविटी के क्षेत्र में करीबी सहयोग स्वाभाविक है।”










































