जंगली भैंस के हमले से कुंजीलाल घायल, लालबर्रा अस्पताल में उपचार जारी

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत धारावासी से लगे वन्य क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जंगल में सूखी लकड़ी लेने गये ग्रामीणों पर एक जंगली भैंस ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में धारावासी निवासी ४८ वर्षीय कुंजीलाल उइके घायल हो गया है, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए लालबर्रा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के दौरान उनके दो साथी बाल-बाल बच गये। वहीं गांव के नजदीक वन्यप्राणी जंगली भैंस सहित अन्य हिंसक वन्यप्राणियों के दस्तक होने से ग्रामीणजन दहशत में है और जंगल से लगे खेतों की ओर जाने से डर रहे है जिससे उनका कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणजनों ने वन विभाग से जंगली भैंस सहित अन्य हिंसक वन्यप्राणियों को पकडक़र घने जंगल में छोडऩे एवं घायल को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की है।

ग्रामीणों में दहशत, मुआवजे की मांग

प्राप्त जानकारी के अनुसार धारावासी निवासी कुंजीलाल उइके बुधवार सुबह अपने दो अन्य साथियों के साथ जलाऊ सूखी लकडिय़ां एकत्र करने के लिए पास के जंगल में गये हुए थे। तीनों साथी जंगल के अंदर लकड़ी बीन ही रहे थे कि तभी झाडिय़ों के बीच से निकले एक जंगली भैंस ने कुंजीलाल पर सीधा हमला बोल दिया। जिसके बाद उन्होने बचाव-बचाव कहकर चिल्लाने लगा। जिसके बाद समीप में लकड़ी बीन रहे पवन नागेश्वर, श्रवण मानेश्वर ने वन्यजीव को समीप आते देखकर तत्परता दिखाते हुए भागकर जान बचाई और जमकर हल्ला किया। जिसके बाद जंगली भैंस उनकी आवाज सुनकर भाग गया नही तो कुंजीलाल सहित उनके साथियों पर हमला कर गंभीर रूप से उन्हे घायल कर सकता था। वहीं जंगली भैंस के हमले से कुंजीलाल घायल हो गया जिसके बाद उसके परिजनों व वन विभाग को घटना की जानकारी दी गई और तत्काल लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाकर भर्ती किया गया जहां उपचार जारी है। इस घटना के बाद से धारावासी और आसपास के ग्रामीण अंचलों में भारी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग के आला अधिकारियों से मांग की है कि वन्य क्षेत्र के आसपास विचरण कर रहे इस हिंसक जंगली भैंस को जल्द से जल्द पकड़े ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। इसके साथ ही ग्रामीणों ने पीडि़त कुंजीलाल उइके के इलाज के लिए वन विभाग से उचित मुआवजे दिलवाने की भी मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here