नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिग्गज कप्तान एमएस धोनी गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले आईपीएल 2026 के आखिरी लीग मैच से पहले सीएसके कैंप छोड़कर घर लौट चुके हैं। धोनी ने चोट के कारण इस सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है और बताया जा रहा है कि हाल ही में अंगूठे में लगी चोट से उबरने के लिए उन्होंने टीम का साथ छोड़ा है। अहमदाबाद में होने वाले इस करो या मरो के मुकाबले से पहले चेन्नई के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने खुद इस खबर की पुष्टि की है।
क्या है धोनी का आगे का प्लान?
हालांकि, हसी ने फैंस को एक बड़ी राहत देते हुए यह भी साफ कर दिया है कि अगर चेन्नई की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लेती है तो धोनी दोबारा टीम के साथ जुड़ जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एमएस धोनी की चोट पर अपडेट देते हुए माइकल हसी ने कहा, ‘मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि वह इस समय टीम के साथ नहीं हैं लेकिन अगर हम क्वालिफाई करने में सफल रहते हैं तो वह निश्चित रूप से वापस टीम से जुड़ेंगे। उनके अंगूठे में थोड़ा दर्द है जिससे वह अच्छी तरह उबर रहे हैं लेकिन वह इस मैच के लिए तैयार नहीं हो पाते। उम्मीद है कि अगर हम प्लेऑफ में जगह बनाने में कामयाब रहे तो वह पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।’







































