टोल नाके के पास दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात बाइक की टक्कर से 40 वर्षीय कुलदीप की मौत

0

​वारासिवनी। वारासिवनी-लालबर्रा मार्ग पर स्थित नेवरगांव टोल नाके के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने पैदल चल रहे व्यक्ति को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जब तक अस्पताल पहुँचाया जाता तब तक उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल की तहरीर पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को मर्चूरी में रखवा दिया है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार नेवरगांव गोपीटोला निवासी कुलदीप पिता रंगलाल केकते 40 वर्ष अपने परिवार के साथ रहते थे। सोमवार शाम लगभग 8 बजे वे किसी काम से बस्ती में चौक की तरफ गए हुए थे। जब वे चौक से पैदल घूमते हुए वापस अपने घर लौट रहे थे तभी टोल नाके के पास गोपीटोला निवासी बाइक चालक तिपेश मूरखे ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुलदीप सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और मौके पर ही गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ​घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए संजीवनी 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से घायल कुलदीप को आनन-फानन में वारासिवनी के सिविल अस्पताल लाया गया। यहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने शव को अपने संरक्षण में ले लिया है। रात होने के कारण शव को सिविल अस्पताल के शव विच्छेदन गृह के फ्रीजर में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मृतक का पोस्टमार्टम मंगलवार की सुबह किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here