अज्ञात वाहन की टक्कर से चाय दुकानदार की मौत, घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

0

भरवेली थाना अंतर्गत बैहर रोड स्थित हीरापुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाय-नाश्ते की दुकान संचालक की मौत हो गई। मृतक राजू पिता सुखचंद ऐसने 60 वर्ष वार्ड नंबर 7 हीरापुर निवासी है। 24 मई की रात दुकान से घर लौटते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है

दुकान बंद कर पैदल लौट रहे थे घर

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजू ऐसने हीरापुर चौक में चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करते थे। रोज की तरह 24 मई की रात लगभग 11:45 बजे वे अपनी दुकान बंद कर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैहर रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों को सूचना दी गई।

108 एंबुलेंस नहीं पहुंची- बेटे ने मोटरसाइकिल से पहुंचाया अस्पताल

यह दुर्घटना उनके घर के समीप ही हुई थी सूचना मिलते ही राजू के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बताया गया है कि परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया लेकिन करीब 10 मिनट तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। घायल की हालत गंभीर होने के कारण उनके बेटे लोकेश ने अपने बड़े पिता के साथ मिलकर राजू को मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया।हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में राजू मौत हो चुकी थी।मृतक राजू ऐसने अपने परिवार का सहारा थे। परिवार में चार बच्चे हैं। जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है। बेटा लोकेश बालाघाट के गुजरी चौक स्थित कदम स्टोर्स में काम करता है। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार गहरे सदमे में आ गया।जिला अस्पताल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात में अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया था। 25 मई की सुबह पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

जिला अस्पताल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा सहिंता की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर मामले की डायरी अग्रिम कार्रवाई हेतु भरवेली थाना भेज दी है।फिलहाल भरवेली पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here