हादसों को न्यौता मदनपुर पुलिया से राहगीर परेशान

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी-मदनपुर मार्ग पर ग्राम मदनपुर के प्रवेश द्वार पर बनी पुलिया राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन चुकी है। वर्षों पहले निर्मित इस पुलिया की सुरक्षा दीवार को आधा अधूरा ही छोड़ दिया गया है। पूरी दीवार ना होने के कारण राहगीरों को पुलिया की सही चौड़ाई और लंबाई का अंदाजा नहीं मिल पाता जिससे आए दिन गाडिय़ां दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने कई बार निर्माण व मरम्मत से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से इसकी शिकायत की लेकिन वर्तमान तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

दिखावे की बनी दीवार दोनों तरफ गहरे गड्ढे

सडक़ पर पुलिया के केवल उस हिस्से में सेफ्टी वॉल बनाई गई है जहां से पानी बहता है। जबकि इसके आगे पीछे का पूरा हिस्सा खुला छोड़ दिया गया है। यह पुलिया वर्तमान में बनी सेफ्टी वॉल से करीब तीन गुना ज्यादा बड़ी है। पुलिया के दोनों छोर पर गहरे गड्ढे हैं जो रात के अंधेरे में किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रहे हैं। मार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था ना होने के कारण रात में वाहन चालकों को पुलिया के किनारों का आभास नहीं हो पाता। नतीजा यह है कि कई बार अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल और अन्य वाहन सीधे नाले या सडक़ किनारे गहरे गड्ढों में उतर जाते हैं जिससे लोग चोटिल हो रहे हैं। १० फीट चौड़ी इस सडक़ पर बनी पुलिया की चौड़ाई लगभग २० फीट है। सडक़ संकरी होने और पुलिया के ठीक पास टर्निंग होने की वजह से यहां खतरा दोगुना हो जाता है। सेंटर में थोड़ी सी सेफ्टी वॉल खड़ी कर देने से भ्रम की स्थिति और ज्यादा बढ़ जाती है। रात के समय अंजान राहगीर अक्सर धोखा खा जाते हैं यह मार्ग वारासिवनी के एफ सीआई मैदान के किनारे से शुरू होकर मदनपुर, कासपुर, आलेझरी और एकोड़ी सहित दर्जनों गांवों को जोड़ता है। इतना ही नहीं यह मार्ग आगे जाकर बालाघाट के पास गर्रा मुख्य मार्ग से भी मिलता है। इस वजह से रोजाना हजारों ग्रामीण नौकरी पेशा और छोटे.बड़े वाहनों के चालक अपने काम के सिलसिले में इसी रास्ते से वारासिवनी आते.जाते हैं। भारी यातायात दबाव वाले इस व्यस्त मार्ग पर सुरक्षा का यह अभाव किसी भी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकता है। आक्रोशित मदनपुर के ग्रामीणों और इस मार्ग का उपयोग करने वाले राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाही को छोड़ इस पुलिया पर जल्द से जल्द पूरी लंबाई में सेफ्टी वॉल का निर्माण कराया जाए या मजबूत लोहे की रेलिंग लगाई जाए ताकि भविष्य में किसी की जान माल का नुकसान ना हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here