बालाघाट/
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गर्रा में किराए के मकान में बेटे के साथ रह रहे एक व्यक्ति की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान सत्येंद्र पिता प्रकाश शुक्ला 45 वर्ष मोतीनगर बालाघाट निवासी के निवासी के नाम से की गई ।। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की संभावना जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्येंद्र शुक्ला मूल रूप से मोतीनगर बालाघाट के निवासी थे। बताया गया है कि बालाघाट में उनकी अच्छी-खासी संपत्ति थी। परिवार में उनका एकमात्र बेटा जयस शुक्ला 17 वर्ष है। पिछले कुछ महीनों से सत्येंद्र शुक्ला अपने बेटे के साथ ग्राम गर्रा में किराए के मकान में रह रहे थे। उन्होंने अपने बेटे के लिए हाल ही में एक नई मोटरसाइकिल भी खरीदी थी।
बताया गया है कि सत्येंद्र शुक्ला कोई कार्य नहीं करते थे और घर में ही रहते थे ।पिछले करीब 15 दिनों से वे अत्यधिक शराब का सेवन कर रहे थे। 3 जून को उनका बेटा जयस शुक्ला किसी काम से मोटरसाइकिल से नागपुर गया हुआ था। इस दौरान सत्येंद्र शुक्ला घर में अकेले थे।4 जून की शाम जब जयस शुक्ला नागपुर से वापस गर्रा लौट रहा था।तभी मकान मालिक ने उसे फोन कर बताया कि उसके पिता की तबीयत ठीक नहीं है। घर पहुंचने पर जयस ने देखा कि उसके पिता सत्येंद्र शुक्ला की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद शव को जिला अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया गया।5 जून को उपनिरीक्षक गौरव धुर्वे ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।










































