देश में Petrol, Diesel, LPG और खाद की कमी नहीं, 2027 तक 5,000 पेट्रोल पंपों पर मिलेगा फ्लेक्स-फ्यूल

0

केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि भारत में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, प्राकृतिक गैस और खाद की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। केंद्र सरकार की इंटर-मिनिस्ट्रियल ब्रीफिंग में विभिन्न मंत्रालयों ने आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, ऊर्जा सुरक्षा और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर जानकारी साझा की। सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है।

197.56 लाख मीट्रिक टन फर्टिलाइजर का स्टॉक उपलब्ध

उर्वरक क्षेत्र की बात करें तो खरीफ सीजन 2026 के लिए सरकार ने पर्याप्त तैयारियां कर रखी हैं। खरीफ 2026 के दौरान लगभग 383.9 लाख मीट्रिक टन फर्टिलाइजर की आवश्यकता का अनुमान है। इसके मुकाबले फिलहाल 197.56 लाख मीट्रिक टन फर्टिलाइजर का स्टॉक उपलब्ध है। सरकार ने बताया कि घरेलू उत्पादन और आयात दोनों सामान्य रूप से जारी हैं, जिससे किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

भारत में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध

पेट्रोलियम मंत्रालय ने भी देश की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, भारत में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सरकार ने यह भी बताया कि तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर लगभग 700 रुपये प्रति सिलेंडर की अंडर-रिकवरी हो रही है। इसके बावजूद, उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर को सब्सिडी वाले दामों पर उपलब्ध करवाया जा रहा है, जबकि इसकी वास्तविक लागत 1600 रुपये से अधिक है।उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को जारी रहेगी राहत

इसके अलावा, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी राहत जारी रहेगी। सरकार ने स्पष्ट किया कि उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति सिलेंडर 300 रुपये की सब्सिडी पहले चार सिलेंडरों तक मिलती रहेगी। इससे करोड़ों परिवारों को घरेलू गैस के बढ़ते खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है।

दिसंबर 2027 तक 5,000 पेट्रोल पंपों पर मिलेगा E85 फ्लेक्स-फ्यूल

सरकार ने भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हरित ईंधन (ग्रीन फ्यूल) को बढ़ावा देने की अपनी रणनीति भी दोहराई। इसके तहत E85 फ्लेक्स-फ्यूल की शुरुआत की गई है और लक्ष्य रखा गया है कि दिसंबर 2027 तक देशभर के 5,000 पेट्रोल पंपों पर इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों और एथेनॉल आधारित ईंधन के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे देश को आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

24 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित

शिपिंग मंत्रालय ने हाल ही में तेल टैंकर Marivex में आग लगने की घटना पर भी अपडेट जारी किया है। मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर मौजूद सभी 24 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह जहाज ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से काफी दूर स्थित था और अब तक किसी हमले या मिसाइल अथवा प्रोजेक्टाइल से प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा, सरकार ने बताया कि अब तक 3,506 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here