खैरलांजी। खैरलांजी के गांधी चौक स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में 4 जुलाई को दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 1:40 बजे अज्ञात चोर भगवान हनुमान जी महाराज के सिर पर स्थापित चांदी का मुकुट चोरी कर मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि एक वृद्ध व्यक्ति, जो धोती पहने हुए था, घटना के समय मंदिर के आसपास संदिग्ध स्थिति में देखा गया। ग्रामीणों के अनुसार उस व्यक्ति के हाथों तथा उसके कपड़े पर सिंदूर लगा हुआ था, जिससे उस पर संदेह और गहरा गया है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत खैरलांजी थाना में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग किए है।










































