दतिया में नाराज कांग्रेस नेता अवधेश नायक से मिलने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी; नायक बोले- ‘मेरे लिए दोनों विकल्प खुले’

0

दतिया। कांग्रेस से टिकट न मिलने के कारण रूठे बैठे पार्टी के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक से मिलने सोमवार रात भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी उनके निवास पर पहुंचे। बताया जाता है कि इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आपसी चर्चा भी हुई है।अवधेश नायक ने की पुष्टि

इस मुलाकात की पुष्टि करते हुए अवधेश नायक ने नईदुनिया को बताया कि भाजपा प्रत्याशी की उनसे यह सौजन्य भेंट थी। उन्होंने इस मुलाकात को सहज बताया। वहीं कांग्रेस चुनाव प्रचार से दूरी बनाए रखने के सवाल पर नायक का कहना था कि वह अभी अपने समर्थकों से इस मुद्दे को लेकर चर्चा कर रहे हैं। क्षेत्र बड़ा है ऐसे में सभी से संपर्क करने में समय लग रहा है। जैसी समर्थकों की राय होगी, उसके आधार पर ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। नायक का कहना था कि उनके सामने भाजपा कांग्रेस के रूप में दोनों ही पक्ष खुले हैं। जल्दी वह इस मुद्दे पर निर्णय लेंगे।

राजनीतिक गलियारे में सरगर्मी तेज

इधर भाजपा प्रत्याशी के कांग्रेस नेता अवधेश नायक से हुई मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारे में सरगर्मी तेज हो गई है। बता दें कि अपने दतिया प्रवास के दौरान प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी अवधेश नायक को मनाने उनके घर पहुंचे थे । वहीं सोमवार को हुई आमसभा में दिग्विजय सिंह ने भी खुले मंच से अवधेश का टिकट काटे जाने के दौरान उनके विरोध को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।

इस सबके बाद भी नायक के तेवर ढीले नहीं दिख रहे हैं। सोमवार रात भाजपा प्रत्याशी से उनकी मुलाकात ने उनके भाजपा की ओर जाने की सुगबुगाहट तेज कर दी है। गौरतलब है कि सोमवार को कांग्रेस की आमसभा एवं प्रत्याशी के नामांकन के दौरान अवधेश नायक की गैर मौजूदगी सभी जगह चर्चा का विषय बनी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here