सतना में संदिग्ध हालत में बेहोश मिली नाबालिग, हाथ-पैर और मुंह बंधा; पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

0

सतना। सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में स्थित कैमा रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को एक नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिली। राहगीरों ने जब उसे सड़क किनारे पड़े देखा तो तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी। लड़की के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे। उसके शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे, जबकि कपड़े अस्त-व्यस्त होने के कारण क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सरपंच मनोज कुमार ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय महिला छोटीबाई कोल की मदद से नाबालिग को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है।सूचना मिलने के बाद सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी भी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने चिकित्सकों से पीड़िता की स्थिति की जानकारी ली और मामले की जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

बयान देने की स्थिति में नहीं पीड़िता

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नाबालिग बेहद डरी-सहमी हुई है और फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। सीएसपी ने बताया कि जैसे ही उसकी तबीयत में सुधार होगा, महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

CCTV फुटेज और अन्य सुराग खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल को केंद्र में रखकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी में नाबालिग का संबंध मैहर जिले से होने की संभावना सामने आई है। इसी आधार पर मैहर पुलिस से भी संपर्क किया गया है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here