अगर आपके पास आईफोन है तो आपके लिए काम की खबर है। आजकल के लगभग सभी स्मार्टफोन USB Type C चार्जिंग पोर्ट के साथ आते हैं। ऐसे में कई बार देखा जाता है कि यूजर्स एक स्मार्टफोन की चार्जिंग केबल को दूसरे स्मार्टफोन इस्तेमाल करने लगते हैं। कई बार लोग एंड्रॉयड स्मार्टफोन की टाइप सी चार्जिंग केबल को आईफोन पर भी इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि क्या एंड्रॉयड फोन की चार्जिंग केबल को आईफोन में इस्तेमाल किया जा सकता है या नहीं?
सोशल मीडिया में कई ऐसे वीडियो सामने आए हैं जिसमें यह कहा गया है कि अगर आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन की केबल को आईफोन में इस्तेमाल करते हैं तो आपको आईफोन खराब हो सकता है। आइए आपको बताते हैं कि ऐसा करना कितना सेफ है?
Apple इस वजह से लाया Type C सपोर्ट
सबसे पहले आपको बता दें कि एप्पल पहले अपने आईफोन में लाइटनिंग केबल का इस्तेमाल करता था। लेकिन बाद में यूरोपीय यूनियम के कड़े नियमों की वजह से उसे आईफोन और चार्जिंग केबल में टाइप सी पोर्ट का सपोर्ट देना पड़ा था। इन्हीं नियमों के बाद से अब लगभग सभी स्मार्टफोन मेकर कंपनी और कई सारी लैपटॉप बनाने वाली कंपनियां अपने डिवाइस में Type C चार्जिंग पोर्ट देने लगीं।
अलग-अलग कनेक्टर्स क्यों होते हैं?
ऐसे में जो लोग यह कहते नजर आते हैं कि आईफोन को एंड्रॉयड स्मार्टफोन की केबल से नहीं चार्ज कर सकते तो ऐसा नहीं है। क्योंकि अगर Apple अपनी चार्जिंग केबल को दूसरी तरह से बनाता है तो यह EU के नियमों का उल्लंघन होगा ऐसे में अब बड़ा सवाल यह है कि फिर एप्पल और एंड्रॉयड के टाइप सी केबल के कनेक्टर्स अलग-अलग क्यों दिखाई देते हैं?
आपको बता दें कि कनेक्टर्स में दिखाई देने वाला फर्क पिन कॉन्फिगरेशन और पावर डिलीवरी स्टैडर्ड की वजह से किया जाता है। साधारण USB-C केबल और तेज़ डेटा ट्रांसफर वाली केबल के अंदर मौजूद सर्किट या फीचर्स अलग हो सकते हैं। Apple अपनी कुछ केबलों को अपने डिवाइस और Thunderbolt जैसी तकनीक के हिसाब से डिजाइन करता है, इसलिए उनका अंदरूनी लेआउट थोड़ा अलग दिख सकता है। लेकिन USB Type-C का मूल डिजाइन एक जैसा होता है। यही वजह है कि Type-C पोर्ट वाले iPhone और Android डिवाइस एक-दूसरे की USB-C केबल से आसानी से चार्ज हो जाते हैं।
इस बात का रखें ध्यान
अगर आप अपने आईफोन में दूसरे फोन की यूएसबी टाइप सी केबल को इस्तेमाल कर रहे हैं तो आपको बस दो बातों का ध्यान रखना जरूरी है। पहला यह कि अगर आपको एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस में डेटा ट्रांसफर करना है तो उस डिवाइस की ओरिजनल केबल को इस्तेमाल करें जिससे आपको बेहतर डेटा ट्रांसफर स्पीड मिलेगी। इसके अलावा आपको यह भी ध्यान देना है कि चाहे एंड्रॉयड हो या फिर आईफोन डेटा ट्रांसफर या फिर चार्जिंग के लिए ओरिजनल या फिर अच्छे ब्रैंड की केबल ही इस्तेमाल करें।













































