पदमेश न्यूज़।बालाघाट।पिछले दो वर्षों से चली आ रही परंपरा को कायम रखते हुए,प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी नगर में हर्षोल्लास के साथ भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। जगन्नाथपुरी की तर्ज पर 16 जुलाई गुरुवार को सायंकाल 5.30 बजे निकाली गई रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देने निकले। जिनके साथ भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा भी मौजूद रही। लगातार तीसरे वर्ष, बालाघाट में जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन इस्कॉन संस्था ने किया। जिसमें संस्था प्रतिनिधियों के अलावा, तकरीबन दो हजार की संख्या में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के रथ को बारी-बारी से खींचकर पुण्यलाभ अर्जित किया।
रथ यात्रा के दौरान भक्ति में डूबे नजर आए भक्तगण
इस रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ के जयकारों के साथ ही हरे कृष्णा, हरे कृष्णा, हरे कृष्णा, हरे-हरे के भक्तिगीत में भक्तगण, भक्ति में लीन होकर झुमने लगे। नगर में निकाली गई यह रथयात्रा, नए श्रीराम मंदिर से प्रारंभ होकर हनुमान चौक, नया सराफा, सुभाष चौक, राजघाट चौक, गुजरी चौक, काली पुतली चौक होते हुए आंबेडकर चौक से सिंधु भवन पहुंची। जहां रथयात्रा का समापन और भगवान जगन्नाथ को 56 भोग का भोग प्रसाद अर्पित कर, भक्तों को महाप्रसाद का वितरण किया गया।










































