पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। क्षेत्र के धार्मिक इतिहास में आगामी २० जुलाई का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होने जा रहा है। नगर मुख्यालय स्थित विश्राम गृह में शनिवार को सर्व हिन्दु संगठन की आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया कि लालबर्रा में पहली बार भगवान जगन्नाथ जी की भव्य और पावन रथ यात्रा का आयोजन किया जायेगा। जिसकी रूपरेखा, किस स्थान से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकलेगी सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई। साथ ही यात्रा को भव्य व अनुशासित बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आम सहमति भी बनी है। इस तरह से २० जुलाई को नगर मुख्यालय में सनातन की अनूठी छटा बिखरेगी और हजारों श्रध्दालुजन इस रथयात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करेंगें।
अमोली से मानपुर तक सजेगा आस्था का पथ
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा २० जुलाई को शाम ४ बजे अमोली स्थित हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा अर्चना के बाद शुरू होगी। यह रथयात्रा अमोली बजरंग मंदिर से प्रस्थान कर लालबर्रा बस स्टैंड होते हुए आगे बढ़ेगी, जहां नगर वासियों द्वारा भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का भव्य स्वागत किया जायेगा। जिसके पश्चात यात्रा अपने अंतिम गंतव्य मानपुर हॉस्पिटल कॉलोनी स्थित मनकामेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां महाआरती के साथ यात्रा का विधिवत समापन किया जायेगा। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि लालबर्रा में पहली बार भगवान जगन्नाथ का भव्य रथ यात्रा २० जुलाई को निकाली जायेगी, जिसकी तैयारी पुरी कर ली गई है और यह रथ बालाघाट से आयेगा। साथ ही यह भी बताया कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि हमारी धर्म, संस्कृति और सनातन को एक सूत्र में पिरोने का पावन प्रयास है। लालबर्रा के इतिहास में यह पहला अवसर है जब भगवान जगन्नाथ स्वयं नगर भ्रमण पर निकलकर भक्तों को दर्शन देंगे।
बाईट – १ मौसम बिसेन सदस्य – पिछड़ा वर्ग आयोग मध्यप्रदेश।
२ रक्तभूषण दास प्रभारी – बालाघाट।










































