शहर में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी अजय गुर्जर लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। हाल ही में बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। इसी क्रम में शनिवार 18 जुलाई की रात करीब 8 बजे टीआई अजय गुर्जर स्वयं पुलिस बल के साथ शहर की सड़कों पर उतरे और बस स्टैंड, जिला अस्पताल, शराब दुकानों तथा सार्वजनिक चौक-चौराहों का पैदल निरीक्षण कर संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की।
थाना प्रभारी अजय गुर्जर ने अनौपचारिक चर्चा में बताया कि यात्री प्रतीक्षालय में हुई चोरी के बाद पुलिस ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है। अब प्रतिदिन शाम होते ही पुलिस टीम बस स्टैंड, जिला चिकित्सालय के पीछे का क्षेत्र, प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण कर रही है। उद्देश्य यह है कि असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर समय रहते उन पर कार्रवाई की जा सके। शनिवार शाम पुलिस टीम ने स्थानीय काली पुतली चौक से पैदल मार्च की शुरुआत की। यहां शराब दुकान के आसपास बिना कारण खड़े मिले कई युवकों से पूछताछ की गई। पुलिस ने उनके नाम, मोबाइल नंबर, पता और पहचान संबंधी जानकारी दर्ज की तथा उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से खड़े रहने और शराब का सेवन नहीं करने की सख्त हिदायत दी। इसके बाद पुलिस टीम सीधे बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां संदिग्ध रूप से घूम रहे और सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर रहे कई लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने परिसर का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की। हालिया चोरी की घटना को देखते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्री प्रतीक्षालय में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम जिला चिकित्सालय पहुंच मार्ग पर भी पहुंची, जहां कुछ छोटी दुकानों के आसपास लोग खुलेआम शराब पीते मिले। पुलिस ने उन्हें तत्काल वहां से हटाया और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन नहीं करने की चेतावनी दी। साथ ही संदिग्ध रूप से खड़े लोगों की भी पहचान दर्ज कर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद थाना प्रभारी अपने दल के साथ बूढी क्षेत्र की शराब दुकान पहुंचे, जहां भी दुकान के बाहर और आसपास खड़े लोगों की जांच की गई। पुलिस ने दुकान संचालकों को भी निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति दुकान के बाहर शराब का सेवन करता मिला तो संबंधित लोगों के साथ-साथ जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी। टीआई अजय गुर्जर ने स्पष्ट कहा कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शाम होते ही पुलिस लगातार सड़कों पर रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है या सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियां संचालित होती हैं तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि शहर को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी।










































