आपने मानव ढाल बनकर बचाई सुखबीर बादल की जान’, हमले में घायल इंस्पेक्टर संतोष की बहादुरी को हरसिमरत कौर ने किया सलाम

0

Sukhbir Badal Attacked: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमले के दौरान उनकी सुरक्षा करने वाले महाराष्ट्र पुलिस के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे की बहादुरी की हरसिमरत कौर बादल ने सराहना की। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर केंद्रे हमलावर और सुखबीर बादल के बीच मानव ढाल बनकर खड़े हो गए और अपनी जान जोखिम में डालकर उनकी रक्षा की।Sukhbir Badal Attacked: महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ । इस हमले में उनके दाहिने हाथ पर चोट आई। नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके के एक गुरुद्वारे में एक निहंग ने धारदार हथियार (जिसे कृपाण बताया जा रहा है) से हमला किया। गौरतलब है कि सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हुए हमले के दौरान उनकी जान बचाने वाले महाराष्ट्र पुलिस के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे की बहादुरी की जमकर सराहना हो रही है।

मानव ढाल बनकर बचाई सुखबीर बादल की जान: हरसिमरत कौर बादल

वहीं, सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा,”मैं महाराष्ट्र पुलिस की विशेष सुरक्षा इकाई के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे को सलाम करती हूं, जिन्होंने नांदेड़ हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल जी की जान बचाने में वीरतापूर्ण साहस दिखाया। संतोष, आपने सुखबीर जी और हमलावर के बीच मानव ढाल बनकर खड़े होकर उनकी रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाली। ऐसा करके आपने हमें वर्दी पहनने का सही अर्थ याद दिलाया, कर्तव्य को स्वयं से ऊपर रखना और भय से ऊपर साहस रखना।”

उन्होंने आगे लिखा,” बादल परिवार आपको हार्दिक धन्यवाद देता है। आपकी बहादुरी को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। वाहेगुरु आपको शीघ्र स्वस्थ करें। साथ ही, यशोसाई अस्पताल के डॉक्टरों और पूरे स्टाफ को भी विशेष धन्यवाद, जिन्होंने हमें सांत्वना देने में अथक सेवा की।”यशोसाई अस्पताल के डॉक्टरों का भी जताया आभार

बादल परिवार ने यशोसाई अस्पताल के डॉक्टरों और पूरे मेडिकल स्टाफ का भी विशेष तौर पर धन्यवाद किया। परिवार ने कहा कि मुश्किल समय में अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने लगातार सेवा की और परिवार को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अस्पताल के स्टाफ की ओर से दी गई चिकित्सा सहायता और परिवार को ढांढस देने के लिए आभार व्यक्त किया।

कौन है हमलावर?

बता दें कि हमलावर को घटना के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया गया। आरोपी की पहचान 62 साल के जसपाल सिंह के तौर पर हुई है, जो मूल रूप से पुणे के रहने वाले हैं। जसपाल सिंह काफी दिनों से नांदेड़ के पास मुगत में माता साहिब गुरुद्वारे में सेवा कर रहे थे। उन्होंने कथित तौर पर बादल पर कृपाण से हमला किया, जब SAD प्रमुख गुरुद्वारे के अंदर थे।

पहले भी सुखबीर बादल पर हो चुका है हमला

पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। सुरक्षा कर्मियों बादल की सुरक्षा और कड़ी कर दी है। दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब बादल पर हमला किया गया हो। 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर भी एक जानलेवा हमला (गोली चलाने का प्रयास) हुआ था. इस दौरान भी वह बाल-बाल बचे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here