भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में भले ही तल्खियां हों, लेकिन ग्वालियर में एक ऐसा रिश्ता जुड़ा है, जिसने सरहद की दूरी को पीछे छोड़ दिया। डबरा निवासी विपिन छाबड़ा ने पाकिस्तान के सिंध प्रांत के शिकारपुर जिले की विजया कुमारी से हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया है। अब इस रिश्ते को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए मैरिज एक्ट के तहत पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चूंकि विजया अभी पाकिस्तान की नागरिक हैं, इसलिए ग्वालियर प्रशासन ने उनके संबंध में सत्यापन के लिए पाकिस्तान दूतावास को पत्र भेजा है। दूतावास की रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।सिंध प्रांत में रहते थे विपिन के पूर्वज
विपिन और विजया का विवाह मार्च 2026 में ग्वालियर के डबरा में ठाकुर बाबा रोड स्थित मैरिज गार्डन में दोनों परिवारों की सहमति से हुआ था। दोनों परिवारों के बीच पहले से परिचय रहा है। विपिन के परदादा और पूर्वज मूल रूप से पाकिस्तान के सिंध प्रांत में रहते थे। बाद में उनका परिवार भारत आकर डबरा में बस गया। विपिन का जन्म भी डबरा में ही हुआ है।परिवार की बातचीत से बनी रिश्ते की बात
विपिन के निजी क्षेत्र में नौकरी लगने के बाद परिवार में उनके विवाह को लेकर चर्चा शुरू हुई। इसी दौरान पाकिस्तान में परिचित रहे परिवार के कुछ लोगों का ग्वालियर आना हुआ। बातचीत के दौरान विपिन और विजया के रिश्ते की बात सामने आई। दोनों परिवारों ने इस रिश्ते पर सहमति जताई और जल्द ही विवाह की तारीख तय कर दी गई। इसके बाद ग्वालियर में हिंदू रीति-रिवाजों से दोनों का विवाह संपन्न हुआ।
दूतावास से मांगी विजया की नागरिकता की पुष्टि
विवाह के पंजीयन के लिए विपिन और विजया की ओर से अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में आवेदन दिया गया है। प्रशासन ने पाकिस्तान दूतावास को पत्र भेजकर विजया की नागरिकता और अन्य विवरणों के संबंध में रिपोर्ट मांगी है। दोनों पक्षों से शपथ पत्र भी लिए गए हैं। इनमें विवाह से संबंधित आवश्यक जानकारी के साथ दो-दो साक्षियों का विवरण शामिल है। दूतावास से रिपोर्ट मिलने के बाद विवाह पंजीयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।










































