बहुचर्चित चावल घोटाले में गोंदिया का जय अग्रवाल गिरफ्तार, २५ तक पुलिस रिमांड पर

0

वारासिवनी। वारासिवनी क्षेत्र में उजागर हुए चर्चित शासकीय चावल घोटाले मामले में गठित विशेष जांच दल द्वारा २२ अगस्त को गोंदिया महाराष्ट्र निवासी दलाल यानि ब्रोकर जय अग्रवाल उम्र ३७ वर्ष को गिरफ्तार कर वारासिवनी न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने पुलिस की अर्जी पर सुनवाई करते हुए आरोपी को २५ अगस्त तक के लिए पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ जारी है जिससे घोटाले से जुड़े कई और बड़े खुलासे होने की संभावना बनी हुई है। जांच में सामने आया है कि गोंदिया निवासी जय पिता श्रीराम अग्रवाल पेशे से ब्रोकर का काम करता है। आरोप है कि वह शासकीय वितरण प्रणाली के चावल को अवैध रूप से खुले बाजार में खपाने की मुख्य कड़ी का काम कर रहा था। वह राइस मिलरों और अवैध खरीदारों के बीच माध्यम बनकर सरकारी राशन की अफ रा.तफरी को अंजाम दे रहा था। विदित हो कि यह पूरा मामला ३ जून को पहली बार उजागर हुआ था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की थी। जांच में धीरे धीरे एक बड़ा सिंडिकेट सामने आया, जिसमें अब तक कई राइस मिलर, मुनीम, ट्रक ड्राइवर, इथेनॉल प्लांट के अधिकारी समेत कई लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है और जांच की आंच अन्य संदिग्धों तक भी पहुंच रही है। पुलिस द्वारा दर्ज अपराध क्रमांक २७२/२६ के तहत आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा ३१६(३), ३१८(३), ३१८(४), ३३६(३), ३३८, ३४०(२),३,५, ६१(२), २३८ के तहत पुलिस टीम ने जय अग्रवाल को रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोंदिया और आसपास के जिलों राज्यों में शासकीय चावल की सप्लाई किन.किन व्यापारियों और मिलों तक की जाती थी। २५ अगस्त तक की रिमांड अवधि के दौरान इस घोटाले में शामिल अन्य नाम भी उजागर होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here