लालबर्रा। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत अमोली में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। बिजली विभाग के कर्मचारी की गलती के चलते केबल सुधारने के दौरान एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमोली निवासी एवं अवधिया बर्तन दुकान के संचालक व स्थानीय समाचार अखबार के संवाददाता अमन अवधिया के घर का सर्विस वायर शनिवार को किसी अज्ञात चौपहिया वाहन की टक्कर से टूट गया था। शनिवार शाम करीब ५ बजे बिजली विभाग के कर्मचारी वायर दुरूस्त करने पहुंचे थे। आरोप है कि मौके पर मौजूद विद्युत कर्मचारी की मौजूदगी में अमन से टूटे वायर को हटाने के लिए कहा गया। जैसे ही अमन ने वायर को हटाया, उसमें से तेज चिंगारी निकली। झटके में वायर छत पर जा गिरा। इसके बाद जब अमन छत से नीचे उतरने लगा, तभी छत में लगे लोहे के पाइप/एंगल में फैले करंट की चपेट में आ गया। चिपके रहने के दौरान अमन ने बचाव के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद परिजनों और पड़ोसियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल बिजली सप्लाई बंद करवाई और लकड़ी के डंडे की मदद से उसे अलग कर नीचे उतारा।







































