हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुआ ग्राम, भक्तिमय हुआ वातावरण
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। खैरलांजी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सेलवटपार में बुधवार को असीम श्रद्धा, धार्मिक उत्साह और अटूट भक्ति के साथ भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन हर्षोल्लास पूर्वक सम्पन्न हुआ। इस वर्ष की कावड़ यात्रा की सबसे अद्वितीय और सराहनीय बात यह रही कि पूरे कार्यक्रम का सफ ल संयोजन कमान और नेतृत्व गांव की मातृशक्ति यानी समस्त महिलाओं एवं बहनों के द्वारा किया गया। कावड़ यात्रा का शुभारंभ सुबह १० बजे भक्तिमय और ऊर्जावान माहौल में हुआ। यात्रा की शुरुआत गांव के आदिवासी टोला से हुई जहां सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलायें, पुरुष, वरिष्ठजन और बच्चे एकत्रित होने लगे थे। श्रद्धालुओं ने पूर्ण विधि.विधान से कावड़ में पवित्र जल भरकर यात्रा का आगाज किया। यात्रा में सुरक्षा और उत्साह का अद्भुत मेल देखने को मिला। डीजे पर बज रहे भगवान भोलेनाथ के सुमधुर भक्ति गीतों और बोल बम व हर.हर महादेव के गगनभेदी जयकारों के साथ श्रद्धालु रास्ते भर झूमते नाचते नजर आए। यात्रा के दौरान सजाई गई भव्य और आकर्षक झांकियां पूरे गांव के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। आदिवासी टोला से प्रारंभ होकर यह यात्रा गांव के बीच टोला और मुख्य बस्ती क्षेत्र से गुजरी। पूरे भ्रमण मार्ग के दौरान जगह जगह ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के द्वारा कावड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा एवं जल पिलाकर स्वागत किया गया। गांव के युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस पावन आयोजन में बढ़.चढक़र हिस्सा लिया और यात्रा की शोभा बढ़ाई। पूरे क्षेत्र का भ्रमण करने के पश्चात कावड़ यात्रा गांव स्थित भगवान भोलेनाथ के प्रांगण पहुंची। मंदिर प्रांगण में यात्रा का औपचारिक समापन हुआ जिसके बाद श्रद्धालुओं ने पूर्ण भक्तिभाव, नियम और निष्ठा के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने महादेव से क्षेत्र की सुख समृद्धि, खुशहाली और जन कल्याण की मंगल कामना की। दिनभर चले इस आयोजन से संपूर्ण सेलवटपार ग्राम में भक्तिमय और सकारात्मक वातावरण बना रहा। जलाभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित किया।











































