उपजेल वारासिवनी में भावुक माहौल के बीच मनाया रक्षाबंधन पर्व

0

बहनों ने बांधी राखी मुस्कुरा उठे बंदी भाइयों के चेहरे

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत वारा स्थित उपजेल में रक्षाबंधन का पवित्र त्यौहार अत्यधिक हर्षोल्लास और भावुक वातावरण में संपन्न हुआ। सावन मास की अंतिम पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुँची बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बाँधकर उनकी दीर्घायु की कामना की। यह आयोजन जेल मुख्यालय मध्य प्रदेश भोपाल के अवर सचिव जेल प्रशासन, जेल महानिरीक्षक एवं सर्कल जेल नरसिंहपुर से प्राप्त दिशा.निर्देशों के तहत आयोजित किया गया। पर्व के मद्देनजर जेलर अंजू गोस्वामी के मार्गदर्शन में उपजेल परिसर में सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

कड़े सुरक्षा घेरे के बीच हुई प्रत्यक्ष खुली मुलाकात

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अपने सजायाफ्ता व विचाराधीन भाइयों से मिलने के लिए बड़ी संख्या में बहनें उपजेल पहुँचीं। शासन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए जेल प्रशासन के द्वारा संपूर्ण सुरक्षा चेकिंग के उपरांत ही महिलाओं को जेल के भीतर प्रवेश दिया गया। इसके बाद बहनों की उनके भाइयों और छोटे छोटे बच्चों से प्रत्यक्ष खुली मुलाकात करवाई गई। इस दौरान लगभग ९० बंधियों को २५० महिलाएं या बहनें के द्वारा ८६ बच्चों के साथ उपस्थित होकर मुलाकात की गई जिसमें मुलाकात के दौरान जेल परिसर का माहौल अत्यंत भावुक किंतु खुशनुमा हो गया। बहनों ने अपने भाइयों को दुलारते हुए राखी बांधी पकवान व मिठाइयां खिलाईं और उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना की। वहीं भाइयों ने अपनी बहनों के आंसू पोंछते हुए उन्हें सौभाग्यवती होने का आशीर्वाद दिया। काफी समय बाद अपने परिजनों और नन्हे बच्चों से आमने सामने बैठकर बातचीत करने से बंदियों के चेहरे खिल उठे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here