मंदिरों और घरों में विराजे भगवान श्रीकृष्ण

0

हर्षउल्लास के साथ मनाया गया जन्माष्टमी पर्व

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर सहित क्षेत्र में ४ सितम्बर को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धार्मिक आस्था एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भक्तजनों के द्वारा विधि विधान से पूजन अर्चन कर विभिन्न प्रकार के पकवान व लाई.चने माखन मिश्री का भोग लगाया गया एवं रात में जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया। जहाँ भजन कीर्तन कर रात जागरण भी किया गया। इस पर्व पर मंदिरों को लाइटिंग सहित अन्य साज सज्जा से सजाया गया। मंदिरों में स्थापित मूर्ति सभी भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। इसी कड़ी में नगर व क्षेत्र के सभी मंदिरों में रात १२ बजे भगवान श्री कृष्ण की आरती कर भजन कीर्तन के साथ कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। वहीं भक्तजनों ने अपने घरों मे भगवान श्रीकृष्ण को विराजित कर सारी रात श्रीकृष्ण धुन में मगन रहे साथ ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

श्रीराम मंदिर में की गई महाआरती

नगर में स्थित श्रीराम मंदिर में धार्मिक आस्थाओं के साथ जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। जिसमें रात्रि ९ बजे से भजन कीर्तन प्रारंभ किया गया जहाँ मनमोहक भजनों की शानदार प्रस्तुति दी जो देर रात तक चला। वहीं रात्रि १२ बजे पूजा अर्चना प्रारंभ कर मध्यरात्री में आतिशबाजी कर भगवान श्री कृष्ण के मंदिर व पालने के पर्दे हटाकर दर्शन करवाया गया और पालना झुलाया गया। तत्पश्चात महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। जिसके बाद देर रात तक संगीतमय भजन कीर्तन हुए जिससे सभी भक्तजन भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे नजर आये। इस दौरान जनप्रतिनिधि सहित श्रीराम मंदिर सदस्य व नगरवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सोसायटी शिव मंदिर में विराजे नंदलाल

नगर में सेवा सहकारी समिति वारासिवनी परिसर में स्थित सोसायटी शिव मंदिर में ४ सितम्बर को भगवान श्रीकृष्ण की विशाल प्रतिमा की स्थापना के साथ जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। जिसमें मंदिर समिति के सदस्य ढोल बाजे की थाप पर मूर्तिकार के निवास पर पहुंचे जहाँ से प्रतिमा को नाचते गाते शिव मंदिर लाया गया। जहाँ पर पंडित के द्वारा विधि विधान से प्रतिमा की स्थापना कर पूजा अर्चना की गई तत्पश्चात देर रात्रि तक भजन कीर्तन किया गया। जहां ५ सितम्बर को विधि विधान से हवन पूजन कर भंडारे का आयोजन किया गया ,वहीं ६ सितम्बर की दोपहर में प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तगण मौजूद रहे।

खिल्या मुठिया में राधा कृष्ण की आराधना जारी

नगर के वार्ड नंबर १२ स्थित खिल्या मुठिया देव परिसर में गोवारी समाज के द्वारा भगवान राधा कृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर आराधना की जा रही है। जिसमें प्रतिमा को ढोल नगाड़े की थाप पर धूमधाम के साथ खिल्या मुठिया परिसर में लाया गया। जहां पर विधि विधान से पूजा अर्चना कर प्रतिमा की स्थापना कर कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। इस दौरान भगवान कृष्ण और राधा कृष्ण की मनमोहक प्रतिमा विराजित की गई है जो हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। जहाँ ५ सितम्बर को महिलाओं का हल्दी कुमकुम कार्यक्रम कर ६ सितम्बर को हवन पूजन कर विशाल शोभायात्रा के साथ विसर्जन होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तगण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here