नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार को यहां तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में भारत के सामने दुविधा होगी कि वैभव सूर्यवंशी को उतारा जाए या संजू सैमसन के अनुभव पर भरोसा किया जाए। सूर्यवंशी को इंग्लैंड में सैमसन की जगह प्लेइंग 11 में जगह दी गई थी लेकिन सीरीज के आखिरी मैच में 15 साल के सूर्यवंशी की जगह सैमसन को उतारा गया। टी20 फॉर्मेट में सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी कामयाब रही है। उम्मीद है कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर जापान में होने वाले एशियाई खेलों की प्लेइंग 11 तय करने से पहले सैमसन और सूर्यवंशी दोनों को बराबर मौके देंगे।
सैमसन शानदार लय में आए नजर
शुक्रवार की शम को अभ्यास सत्र के दौरान वैभव सूर्यवंशी की तुलना में सैमसन अधिक संतुलित नजर आए। सूर्यवंशी को जसप्रीत बुमराह की गेंदों पर सहज होकर खेलने में समय लगा क्योंकि पिच से भी बुमराह की गेंदों को मदद मिल रही थी। यह भी हो सकता है कि लगातार लाल गेंद के तीन मैच खेलने के बाद सूर्यवंशी को सामंजस्य बिठाने में समय लग रहा हो। वैसे अफगानिस्तान के पास बुमराह जैसा कोई गेंदबाज नहीं है। अफगानिस्तान के गेंदबाजों के सामने सूर्यवंशी को फुटवर्क का इस्तेमाल नहीं करने पर भी दिक्कत नहीं आएगी।










































