बीजेपी का बंटाधार तो करना ही पड़ेगा, राहुल गांधी के कार्यक्रम के बाद सज्जन वर्मा का कैलाश विजयवर्गीय पर पलटवार

0

इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा इस आयोजन को ‘झूठ की गूंज’ और बंटाधार बताने पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने तीखा पलटवार किया है। वर्मा ने पीएम मोदी और विजयवर्गीय को झूठा बताते हुए कहा कि देश में बीजेपी का बंटाधार तो करना ही पड़ेगा।इंदौर: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है। कार्यक्रम से पहले मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे ‘झूठ की गूंज’ बताया था। अब कार्यक्रम के बाद पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने विजयवर्गीय के बयान पर पलटवार किया है। वर्मा ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखे आरोप लगाए।

सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में कैलाश विजयवर्गीय और दिल्ली में नरेंद्र मोदी से बड़ा झूठा कोई नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ इंदौर में लगाए गए पोस्टरों का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यक्रम को फेल करने के लिए पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों में ‘झूठ की गूंज’ लिखा गया था और राहुल गांधी का चेहरा काला करके दिखाया गया था।’देश में मोदी और विजयवर्गीय से बड़ा झूठा कोई नहीं’

वर्मा ने इसके जवाब में कहा कि इस सदी का सबसे बड़ा झूठा कौन है यह देश जानता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए कहा कि दूसरी ओर सत्य के रास्ते पर चलने वाले नेता का नाम राहुल गांधी है। राहुल गांधी लगातार युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर बात कर रहे हैं और इंदौर में भी छात्रों के बीच इसी उद्देश्य से कार्यक्रम किया गया।

कैलाश विजयवर्गीय ने साधा निशाना

दरअसल, राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम से पहले कैलाश विजयवर्गीय ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि एनएसयूआई को दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली और इसे देश के युवाओं के रुख के तौर पर देखा जाना चाहिए। विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम को लेकर भी कहा था कि यहां ‘झूठ की गूंज’ हो रही है और इसके परिणाम आने वाले समय में सामने आएंगे।कैलाश विजयवर्गीय का तंज

विजयवर्गीय ने कार्यक्रम में युवाओं की संख्या को लेकर कांग्रेस के दावे पर भी सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि जिस पंडाल में कार्यक्रम आयोजित किया गया उसकी क्षमता करीब 12 हजार छात्रों की है जबकि एक लाख युवाओं के आने का दावा किया गया था। उनका कहना था कि पूरे प्रदेश से युवाओं को बुलाने के बाद भी इतनी ही संख्या में भीड़ जुटी।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने सज्जन सिंह वर्मा से विजयवर्गीय के उस बयान को लेकर भी सवाल किया जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी जहां जाते हैं वहां बंटाधार हो जाता है। इस पर वर्मा ने कहा कि भाजपा का बंटाधार तो करना ही पड़ेगा।

वर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा देश को बांटने और धर्म व जाति के नाम पर भेदभाव की राजनीति कर रही है। भाजपा मंदिर-मस्जिद और धर्म की बात करती है लेकिन छात्रों के भविष्य और किसानों के मुद्दों पर बात नहीं करती। वर्मा ने आरोप लगाया कि धर्म और जाति का भेदभाव फैलाकर देश को तोड़ने की कोशिश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here