जलविहार की भव्य शोभायात्रा हर्षोल्लास के साथ संपन्न

0

विभिन्न मंदिरों की झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन, बड़ी संख्या में शामिल हुए धर्मप्रेमी

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। डोल ग्यारस पर्व के अवसर पर २२ सितंबर को नगर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल रहा। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नगर के विभिन्न मंदिरों से भगवान को डोल में विराजित कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शाम करीब ४ बजे श्रीराम मंदिर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों, चौक.चौराहों एवं गलियों से होते हुए वार्ड क्रमांक १४ स्थित बड़ी नहर पहुंची, जहां विधि.विधान से पूजा अर्चना के बाद भगवान का जलविहार कराया गया। इसके पश्चात सभी डोल पुन: अपने अपने मंदिर पहुंचे, जहां भगवान को विराजित कर आरती एवं पूजा अर्चना की गई और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। डोल ग्यारस के अवसर पर नगर के मंदिरों से निकली भगवान की शोभायात्रा और बड़ी नहर में हुए जलविहार के दौरान पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर मंदिर समितियों के पदाधिकारी ,सदस्य श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

६ मंदिरों के डोल बने आकर्षण का केंद्र

डोल ग्यारस पर श्रीराम मंदिर, सराफा बाजार स्थित हनुमान लला मनोकामना पूर्ति मंदिर, श्रीकृष्ण मंदिर बडा कुअंा, लक्ष्मीनारायण मंदिर, पंचायती मंदिर एवं शीतला माता मंदिर से भगवान के डोल निकाले गए। श्रीराम मंदिर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा के दौरान क्रमश: अन्य मंदिरों से भी भगवान के डोल इसमें शामिल होते गए। एक साथ ६ डोलों के नगर भ्रमण का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा वार्ड क्रमांक १० सब्जी बाजार, कटंगी चौक, जयस्तंभ चौक सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बड़ी नहर पहुंची। पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए उमड़े।

जगह जगह स्वागत पश्चात् हुआ जलविहार

शोभायात्रा के दौरान नगर वासियों ने जगह जगह डोल को रोककर भगवान की पूजा अर्चना की और दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष क्षेत्र में सुख शांति,समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बनी। शोभायात्रा के बड़ी नहर पहुंचने के बाद भगवान की विधि.विधान से पूजा अर्चना कर जलविहार कराया गया। इसके बाद डोलों को पुन: मंदिरों में लाया गया जहां भगवान को उनके स्थान पर विराजित कर आरती की गई तथा प्रसादी का वितरण किया गया। श्रीराम मंदिर के सदस्यों ने बताया कि डोल ग्यारस के अवसर पर नगर के छह प्रमुख मंदिरों से भगवान के डोल निकाले गए। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु चार माह की शयन अवस्था के बाद जलविहार के लिए निकलते हैं। डोल ग्यारस पर भगवान वर्ष में एक बार नगर भ्रमण करते हुए जलविहार करते हैं।

पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ने लिया आशीर्वाद

शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ने अपने कार्यालय के सामने भगवान के डोल का स्वागत किया। उन्होंने भगवान की पूजा अर्चना कर नगर क्षेत्र एवं प्रदेश में सुख.शांति और समृद्धि की कामना की। जिसके बाद वह शोभायात्रा में शामिल होकर कंधे पर डोल उठाकर भ्रमण किया। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्मिता जायसवाल, मनोज दांदरे ,मोनू लिमजे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

विधायक विवेक पटेल शोभायात्रा में हुए शामिल

डोल ग्यारस की शोभायात्रा में वारासिवनी विधायक विवेक पटेल भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। उन्होंने भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना कर क्षेत्र की सुख.शांति एवं समृद्धि की कामना की तथा श्रद्धालुओं के साथ शोभायात्रा में डोल उठाकर नगर भ्रमण किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here