बालाघाट के प्रभारी कार्यपालन यंत्री को ग्वालियर भेजा,
राहुल सिंह को मिली बालाघाट की कमान
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। लोक निर्माण विभाग में पदस्थ प्रभारी कार्यपालन यंत्री केके सिंगारे का शासन ने तबादला कर दिया है। मध्यप्रदेश शासन, लोक निर्माण विभाग उपसचिव प्रदीप जैन ने इसके आदेश जारी किए हैं। 24 सितंबर गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार सिंगारे को बालाघाट पीडब्ल्यूडी प्रभारी कार्यपालन यंत्री के पद से हटकर सहायक यंत्री, कार्यालय मुख्य अभियंता (भवन), लोक निर्माण विभाग, ग्वालियर पदस्थ किया गया है।
वहीं राहुल सिंह, कार्यपालन यंत्री (सिविल) का तबादला मुरैना से बालाघाट किया गया है। उन्हें लोक निर्माण विभाग बालाघाट में कार्यपालन यंत्री (भवन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ईओडब्ल्यू की कार्रवाई के बाद तबादला चर्चा में
केके सिंगारे का तबादला ऐसे समय हुआ है, जब इसी माह की शुरुआत में ईओडब्ल्यू जबलपुर ने उनके बालाघाट, भोपाल और छिंदवाड़ा स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ छापामार कार्रवाई की थी। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के आधार पर की गई थी। तलाशी के दौरान संपत्तियों, बैंक खातों, दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की गई थी।
आय से अधिक करीब 11 करोड़ की प्रथम दृष्टिया संपत्ति का किया था आंकलन
ईओडब्ल्यू की छापेमार करवाई व जांच के दौरान प्रथम दृष्टिया करीब 11 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आकलन सामने आने की जानकारी दी गई थी। बालाघाट स्थित शासकीय आवास से करीब 2.5 लाख रुपये नकद मिलने की भी बात अधिकारियों द्वारा की गई थी।अब शासन के नए आदेश में सिंगारे को बालाघाट से हटाकर ग्वालियर पदस्थ किए जाने को ईओडब्ल्यू कार्रवाई के बाद हुए प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि आदेश में तबादले का कारण अलग से उल्लेखित नहीं किया गया है।








































